
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। फोरलेन सड़क निर्माण में लगे हाईवा की बेलगाम गति के कारण पूसा- समस्तीपुर मार्ग में निरंतर दुर्घटनाएं होती रहती है। जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। फोरलेन सड़क निर्माण में लगी कंपनी ने सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ा रखी है। फोरलेन सड़क निर्माण में ओवरलोड मिट्टी से भरे हाईवा, बिना ढके सड़क पर बेलगाम गति से चलती है। लेकिन प्रशासन इस सब पर ध्यान नहीं देती।
जिलाधिकारी के नाम लिखे पत्र के माध्यम से भाकपा माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने उक्त बातें कही। विज्ञप्ति में उन्होंने कहा है कि बिना ढ़के सड़क पर ओवरलोड मिट्टी भरकर ढ़ोने के कारण सड़क पर धूल की आँधी चलती रहती है जिससे सड़क पर राहगीरों को काफी परेशानी होती है। धूल में दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा हमेंशा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि पूसा प्रखंड क्षेत्र के बिरौली पर सबसे अधिक यातायात का दबाव रहता है। चैराहा पार करते समय कहां से कौन सा वाहन आ जाए मालूम नहीं पड़ता। कई बार चैराहे पर आपस में वाहनों की टक्कर हो चुकी है। कई लोगों की दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। यहाँ स्पीड ब्रेकर व गोलंबर का निर्माण अविलंब होना चाहिए।
स्पीड ब्रेकर नहीं होने से यहाँ आए दिन छोटी- बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती है। इस संबंध में माले सचिव ने जिलाधिकारी को पत्र भी लिखा है। जिसमें उन्होंने जनहित में फोरलेन सड़क निर्माण में लगे हाईवा के परिचालन का समय रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक निर्धारित करने, पूसा प्रखंड क्षेत्र का सबसे व्यस्ततम बिरौली चैक चैराहा पर अविलंब स्पीड ब्रेकर व गोलंबर का निर्माण कराने, सभी परियोजनाओं में मिट्टी या अन्य निर्माण सामग्री ढो रहे वाहनों को ढककर चलाने का आदेश देने, हाईवा की गति सीमा तय करने एवं ओवरलोड करके मिट्टी ढोने पर रोक लगाने, बिरौली घाट, सैदपुर के निकट घाट एवं अन्य घाटों से मिट्टी एवं बालू के अवैध खनन पर रोक लगाने, बिरौली चैक चैराहे पर एक पुलिसकर्मी की प्रतिनियुक्ति की मांग की है।