चिकित्सा पदाधिकारी ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 शिवाजीनगर। पोलियो एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिससे बच्चों को आजीवन दिव्यांगता का सामना करना पड़ सकता है। इससे बचाव के लिए निर्धारित समय पर पोलियो की खुराक पिलाना जरूरी है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी शिवाजीनगर डॉ. सुमित कुमार ने बच्चों की पोलियो की खुराक पिला कर 5 दिवसीय पल्स पोलियो अभिया का शुभारंभ करते हुए उक्त बातें कही।
इस क्रम में उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।
5 दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू :
बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र में रविवार को पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर परिसर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, डॉ. सुभाष कुमार एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
टीकाकरण दलों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी :
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह अभियान 22 से 26 नवंबर तक संचालित होगा। इसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर पहुंचकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाएंगी। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों एवं आवागमन वाले स्थानों पर भी दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है।
एक भी पात्र बच्चा वंचित न रहे :
वहीं, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए अभिभावकों का सहयोग और जागरूकता बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि प्रखंड क्षेत्र का एक भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाने के साथ लोगों को जागरूक भी करेंगी।