
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के श्री गौशाला में मंगलवार को 119वां गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा पूर्वक धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला के अध्यक्ष सह सदर एसडीओ राकेश कुमार की अध्यक्षता में कई धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महोत्सव की शुरुआत गौ पूजन और ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विधि-विधान से श्री गोपाल प्रतिमा का पूजन किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
इस अवसर पर सुबह से ही गौशाला में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दर्जनों महिला श्रद्धालुओं ने गौशाला पहुंचकर गायों की पूजा-अर्चना की, और महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गौ माता को तिलक लगाकर पूजन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान श्री गोशाला के पदेन अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया गया कि श्री गौशाला में वर्तमान में कुल 93 गायों का पालन-पोषण किया जा रहा है। गोपाष्टमी महोत्सव के माध्यम से गौ सेवा, संरक्षण और धार्मिक परंपराओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
महोत्सव के तहत संध्या समय बच्चों के बीच दूध का वितरण किया गया। इस सामाजिक पहल के माध्यम से बच्चों को दूध के महत्व और पोषण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार को जोड़ने की इस पहल की सराहना की गई।
कार्यक्रम में गौशाला के उपाध्यक्ष राहुल कुमार, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, प्रबंधक शिवनाथ, दिलीप केडिया, रमेश बोहरा, शिबू केडिया एवं राकेश कुमार राज, आनंद कुमार बंका, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।