डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में पांचवां दीक्षांत समारोह संपन्न

44 छात्रों को गोल्ड मेडल और 1175 छात्रों को मिली विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्री
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पूसा। भारत को विकसित बनाने में कृषि की भूमिका महत्वपूर्ण है। कृषि में हुए क्रांतिकारी सुधार के कारण ही चीन में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में हो रहे अनुसंधान एवं उच्च गुणवत्ता पूर्ण शैक्षणिक माहौल को देखकर वे पूरे विश्वास से कह सकते हैं कि 2047 से पहले ही देश विकसित हो जाएगा।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में गुरुवार को पांचवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल जनरल सैय्यद अता हसनैन ने उक्त बातें कही।
अपने माता-पिता का आदर करें :
इस दौरान उन्होंने छात्रों से गुरु और शिष्य के संबंध को समझने को कहा। उन्होंने कहा कि छात्र अपने माता-पिता का आदर करें। उनकी सफलता में गुरु और माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्वच्छता और अनुशासन की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।

5वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित :
बताते चलें कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को 5वाँ दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। राज्यपाल के विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर कुलपति डॉ. एसपी पांडेय ने मिथिला की पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार उनका पाग, चादर और गुलदस्ता से स्वागत किया। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगान एवं कुलगीत प्रसारण के साथ पांचवें दीक्षांत समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
44 छात्रों को स्वर्ण पदक :
इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के महामहिम राज्यपाल श्री हसनैन ने 1175 छात्रों को विभिन्न विषयों में स्नातक, परास्नातक और पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही 44 छात्रों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किया।

देश ही नहीं पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करें छात्र :
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेन्दु पाण्डेय ने कहा कि, यह विश्वविद्यालय छात्रों को सिर्फ डिग्री प्रदान करने पर जोर नहीं देता, बल्कि उनका प्रयास रहता है कि यहां के छात्र देश के लिए समर्पित और सफल नागरिक बनें और देश ही नहीं पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करें। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि, विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि किसानों और देश को लाभ मिल सके।
कुलाधिपति ने कहा :
कार्यक्रम में कुलाधिपति पद्मश्री डॉ. पी.एल. गौतम और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के डीडीजी (एजूकेशन) डॉ. यशपाल सिंह मलिक विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों और गोल्ड मेडलिस्टों को बधाई दी और कृषि व राष्ट्र की सेवा में उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दिखी मैथिल संस्कृति की झलक :
दीक्षांत समारोह का संचालन कुलसचिव डॉ. पी.के. प्रणव ने किया। इस अवसर पर पूरा परिसर मिथिला के रंग में सराबोर था। पोशाक, खान-पान और सजावट में हर तरफ मैथिल संस्कृति की झलक देखने को मिली। जिसकी विभिन्न राज्यों से आए अतिथियों ने खूब सराहना की।
छात्रों ने ली शपथ :
छात्रों द्वारा अपने ज्ञान का उपयोग किसानों, समाज और देश के कल्याण के लिए करने की शपथ के साथ समारोह सम्पन्न हुआ। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे माता-पिता, शिक्षक, वैज्ञानिक और अतिथि उपस्थित थे।