कक्षा 9वीं और 11वीं के कमजोर विद्यार्थियों के लिए संध्याकालीन कक्षाएं शुरू, डीएम ने किया उद्घाटन

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। संध्याकालीन कक्षाएं विशेष रूप से कक्षा 9वीं एवं 11वीं में पढ़ने वाले वैसे विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई हैं, जिन्हें विभिन्न विषयों में अतिरिक्त मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता है। इन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के अलावा अतिरिक्त समय में विषयवार शिक्षा दी जाएगी, ताकि वे कठिन विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकें और अपनी कमजोरियों को दूर कर सकें।
सोमवार को संध्याकालीन कक्षा का विधिवत उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि, इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक समझ को मजबूत करना, सीखने की क्षमता बढ़ाना और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। अतिरिक्त कक्षाओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान मिलेगा, जिससे उनके शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सुधार होने की उम्मीद है।

सांध्यकालीन कक्षा का डीएम ने किया उद्घाटन:
बताते चलें कि, पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने और उनके शिक्षा स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की पहल पर जिले में संध्याकालीन कक्षाओं की शुरुआत की गई है। सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति में इन कक्षाओं का विधिवत उद्घाटन किया।
डीएम ने दिये निर्देश :
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संध्याकालीन कक्षाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं विषयवार मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाए, ताकि इस पहल का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद बच्चों तक पहुंच सके।
उद्देश्य :
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर देकर उनकी शैक्षणिक क्षमता को निखारना इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
