
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। होली, और छठ महापर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ हर साल रेलवे की तैयारियों और दावों की पोल खोलती है। हर वर्ष भीड़ नियंत्रण एवं यात्रियों की सुविधा के नाम पर जगह–जगह टेंट लगाए जाते हैं, ताबड़तोड़ कई विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा कर दी जाती है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या इन अस्थायी व्यवस्थाओं से यात्रियों की वास्तविक परेशानी दूर हो रही है? आखिर रेलवे का जोर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने पर है या फिर व्यवस्थाओं के प्रचार-प्रसार और यात्री सुविधा का ढिंढोरा पीटने तक ही सीमित है? यह बड़ा सवाल है।
समस्तीपुर जंक्शन पर लगे टेंट में ऊंघते अलसाते यात्रियों की भीड़, ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची और खाली दौड़ते स्पेशल ट्रेनों पर टिप्पणी करते हुए जनसुराज पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी संजय कुमार सिंह ने संवाददाता से उक्त बातें कही।
ट्रेन में जगह नहीं तो स्टेशन पर टेंट किस तरह की यात्री सुविधा :
उन्होंने कहा कि, समस्तीपुर रेल मंडल की ओर से विभिन्न स्टेशनों पर टेंट लगाने और दर्जनों विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की गई है। निश्चित रूप से भीड़ के मद्देनजर अतिरिक्त इंतजाम जरूरी हैं, लेकिन यात्रियों की सबसे बड़ी समस्या स्टेशन पर टेंट की कमी नहीं, बल्कि ट्रेनों में सीटों की अनुपलब्धता और समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाना है। जब यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने तक की जगह नहीं मिलती, तब स्टेशन पर टेंट लगाकर किस तरह की यात्री सुविधा सुनिश्चित की जा रही है?
स्पेशल ट्रेनों में यात्रा करने से कतराते हैं लोग :
श्री सिंह ने कहा कि, हर साल पर्व-त्योहार के समय हजारों यात्री दूसरे राज्यों से अपने घर आने और पर्व के बाद काम पर लौटने के लिए परेशान रहते हैं। फलतः स्वाभाविक रूप से सामान्य और एक्सप्रेस ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ रहती है। जनरल डिब्बों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती, जबकि आरक्षित श्रेणी में भी टिकट की मारामारी रहती है। कई बार तो जेनरल और आरक्षित डिब्बों का फर्क भी मिट जाता है। विशेष ट्रेनों के परिचालन को लेकर यात्रियों के मन में कई सवाल रहते हैं। स्पेशल ट्रेनों के ससमय परिचालन नहीं होने, लंबे इंतजार और सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए इन स्पेशल ट्रेनों में यात्रा करने से लोग कतराते हैं।
नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां और ससमय परिचालन करें सुनिश्चित :
ऐसे में ऐसे में केवल विशेष ट्रेनों की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। रेलवे को चाहिए कि नई विशेष ट्रेनों की घोषणा और प्रचार पर जोर देने के साथ पहले से संचालित नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां और ससमय परिचालन सुनिश्चित करे। इससे मौजूदा रेल नेटवर्क और परिचालन व्यवस्था का बेहतर उपयोग करते हुए अधिक यात्रियों को राहत दी जा सकती है।
सरकारी धन के उपयोग की जिम्मेदारी तय होना आवश्यक :
वहीं, स्टेशनों पर टेंट लगाने के नाम पर होने वाले खर्च की पारदर्शिता भी जरूरी है। रेलवे प्रशासन को सार्वजनिक करना चाहिए कि किन स्टेशनों पर कितनी राशि खर्च की गई, टेंट की व्यवस्था कितने दिनों के लिए की गई और उसकी गुणवत्ता की निगरानी किस स्तर पर हो रही है। इस केलिए सरकारी धन के उपयोग की जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
यात्रियों को टेंट चाहिए या ट्रेन में जगह? :
एक सवाल यह भी है कि यात्रियों को टेंट चाहिए या ट्रेन में जगह? निश्चित रूप से प्रतीक्षालय और अस्थायी टेंट की अपनी उपयोगिता है, लेकिन इनसे यात्रियों की मुख्य समस्या का समाधान नहीं हो सकता। रेलवे को अपनी प्राथमिकताएं तय करनी होंगी। नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां, पर्याप्त रेक, समय पर परिचालन, प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर अधिक ध्यान देना होगा।
ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने और परिचालन सुधारने को दें प्राथमिकता :
श्री सिंह ने कहा कि, रेल प्रशासन को यह समझना होगा कि यात्री सुविधा का आकलन टेंटों की संख्या और विशेष ट्रेनों की घोषणाओं से नहीं, बल्कि यात्रियों को मिलने वाली वास्तविक राहत से होगा। पर्व-त्योहार में लोगों को प्रचार की नहीं, बल्कि ट्रेन में सीट, सुरक्षित सफर और समय पर मंजिल तक पहुंचने की जरूरत है। रेलवे यदि वास्तव में यात्रियों को राहत देना चाहता है तो दिखावटी व्यवस्थाओं से आगे बढ़कर नियमित ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने और परिचालन सुधारने को प्राथमिकता देनी होगी।