राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी), छपरा में ओरिएंटेशन एवं व्हाइट कोट समारोह संपन्न,
विद्यार्थियों ने ली चिकित्सा सेवा की शपथ

राज्य स्तर पर होगी 1,846 चिकित्सा शिक्षकों की नियुक्ति
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सारण। सफेद एप्रन केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, संवेदनशीलता और मानवता के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। चिकित्सक मरीजों को केवल एक केस के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में देखें तथा गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित लोगों के उपचार को प्राथमिकता दें। तभी चिकित्सा शिक्षा की सार्थकता सिद्ध होगी।
जिले के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी), छपरा में गुरुवार को एमबीबीएस के प्रथम बैच के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन एवं व्हाइट कोट समारोह के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने उक्त बातें कही।
चिकित्सा शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण उपलब्धि :
अपने संबोधन में उन्होंने नवप्रवेशित छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, छपरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 सीटों के संचालन की अनुमति मिलना राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), चिकित्सा अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करने का संदेश दिया।
‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ का लक्ष्य करेंगे हासिल :
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मजबूत आधार तैयार हुआ है। अब सात निश्चय-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को हासिल करना है।
इलाज के लिए नहीं जाना पड़े बिहार से बाहर :
सरकार का उद्देश्य अस्पतालों में बेहतर आधारभूत संरचना, पर्याप्त मानव बल, आवश्यक दवाएं, आधुनिक उपकरण एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए मरीजों का समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य के किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए बिहार से बाहर न जाना पड़े, यही हमारा लक्ष्य है। चिकित्सकों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना भी विभाग की प्राथमिकता है।
स्वागत व उद्घाटन :
इससे पूर्व स्वागत गीत एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सी.पी. जायसवाल के स्वागत संबोधन, अतिथियों के सम्मान एवं अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
74 चिकित्सा प्राध्यापकों की नियुक्ति छपरा में :
अपने संबोधन में स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने बधाई देते हुए चिकित्सा सेवा की शपथ को अपने आचरण में उतारने तथा संस्थान, समाज और देश के प्रति जिम्मेदार रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि, राज्यभर के मेडिकल कॉलेजों में कुल 1,846 चिकित्सा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को अधियाचना भेजी गई है। इनमें छपरा मेडिकल कॉलेज के लिए 74 चिकित्सा शिक्षकों के पद भी शामिल हैं।
पीपीपी मॉडल के तहत उपचार व शिक्षा पर सहमति :
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 के बाद राज्य में छह नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि 12 मेडिकल कॉलेजों के भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। पीपीपी मॉडल के तहत भी रियायती दरों पर उपचार एवं चिकित्सा शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है।
छात्रों ने ली सेवा की शपथ :
समारोह के दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को सफेद कोट पहनाकर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके नए सफर की औपचारिक शुरुआत की। इसके उपरांत विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिक मूल्यों के पालन और मानवीय संवेदनाओं के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।
इन्होंने भी किया संबोधित :
कार्यक्रम के दौरान जारीमांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) सुब्रत कुमार सेन, जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव श्री कौशलेन्द्र कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सी.पी. जायसवाल, डीन डॉ. (प्रो.) दीपक कुमार सहित गणमान्य अतिथियों ने भी छात्रों को संबोधित किया।
समापन :
महाविद्यालय के डीन डॉ. (प्रो.) दीपक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। मौके पर कई अधिकारी एवं चिकित्सा शिक्षकगण उपस्थित रहे।
