कैबिनेट ने दी मंजूरी, डीएमसीएच पर मरीजों का दबाव होगा कम

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। सात निश्चय-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को लेकर जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने और रेफरल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में काम कर रही है। गंगवारा में सदर अस्पताल और कैंसर अस्पताल का समानांतर संचालन इसी पहल का हिस्सा है। गंगवारा में सदर अस्पताल शुरू होने से जिला स्तर पर द्वितीयक चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दरभंगा में सदर अस्पताल के संचालन को केबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, इससे गंभीर मरीजों को भी आवश्यकतानुसार स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञों द्वारा उच्च गुणवत्ता वाला उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही इससे डीएमसीएच में अनावश्यक रेफरल की संख्या कम करने में मदद भी मिलेगा।
राज्य मंत्री परिषद ने दरभंगा में सदर अस्पताल को दी मंजूरी:
दरभंगा जिले के गंगवारा में सदर अस्पताल के संचालन को राज्य मंत्री परिषद ने बुधवार को मंजूरी दे दी है। इसके तहत पूर्व से संचालित होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के एक हिस्से में सदर अस्पताल की सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) पर मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
कैसे होगा भवन का विभाजन :
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल भवन के दाहिने हिस्से में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के माध्यम से सिर, मुंह एवं गर्दन (हेड एंड नेक) कैंसर अस्पताल का संचालन जारी रहेगा। वहीं, भवन के बाएं हिस्से में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होंगी। दोनों संस्थानों की आपसी सहमति से भवन का विभाजन किया जाएगा।
स्वामित्व एवं संचालन अलग–अलग :
दरभंगा जिले की आबादी, जनसंख्या घनत्व, बाढ़ एवं अन्य आपदाओं की स्थिति तथा स्वास्थ्य संबंधी सरकारी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए 20 नवंबर 2019 को गंगवारा में 100 शय्या वाले सदर अस्पताल भवन के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। बाद में कैंसर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 जनवरी 2024 को मंत्रिपरिषद ने इस भवन को उपकरणों सहित 10 वर्षों के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर को सौंपने की मंजूरी दी थी। इस संबंध में 7 मार्च 2024 को स्वास्थ्य विभाग और संस्थान के बीच एमओयू भी हुआ था। भवन का स्वामित्व राज्य सरकार के पास ही रहेगा, जबकि इसके रखरखाव की जिम्मेदारी संस्थान को दी गई थी।
उपयोगिता :
वर्तमान में जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों से गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सीधे डीएमसीएच रेफर किया जाता है। इनमें उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाएं, दुर्घटना के शिकार और हृदयाघात के मरीज शामिल हैं। इससे डीएमसीएच पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव बढ़ता है। सदर अस्पताल शुरू होने पर डीएमसीएच पर रेफरल का दबाव कम होने का अनुमान है।
अनुमानित लागत :
सदर अस्पताल के संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 में इस राशि में वृद्धि की संभावना है। अस्पताल के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार चिकित्सकों, पारामेडिकल कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के पदों का सृजन कर उनकी पदस्थापना की जाएगी। पदों के सृजन और नियमित व्यवस्था होने तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिनियुक्त कर्मियों के माध्यम से अस्पताल का संचालन किया जाएगा।