महापौर ने किया ‘पिंक टॉयलेट’ का उद्घाटन व लोकार्पण

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुजफ्फरपुर। “एक महिला होने के नाते मैं सार्वजनिक स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव में महिलाओं और छात्राओं को होने वाली पीड़ा को भली-भांति समझती हूं। यह पिंक टॉयलेट हमारी बहनों और बेटियों के सम्मान को समर्पित है। हमारा संकल्प है कि मुजफ्फरपुर की हर महिला घर से बाहर भी स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।”
महापौर निर्मला देवी ने गुरुवार को राम दयालु सिंह महाविद्यालय के प्रवेश द्वार के निकट ‘पिंक टॉयलेट’ का उद्घाटन करते हुए उक्त बातें कही।
महिलाओं के लिए बड़ी राहत :
इस क्रम में उन्होंने कहा कि, यह टॉयलेट केवल ईंट-पत्थर से बना एक ढांचा मात्र नहीं, बल्कि शहर की मातृशक्ति के प्रति निगम प्रशासन की संवेदनशीलता और उनके सम्मान की रक्षा का एक जीवंत प्रतीक है। यह टॉयलेट विशेष रूप से कॉलेज आने-जाने वाली हजारों छात्राओं और राहगीर महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत और सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
‘पिंक टॉयलेट’ का उद्घाटन व लोकार्पण :
बताते चलें कि, शहर की बेटियों, छात्राओं और महिलाओं के मान–सम्मान, सुरक्षा और स्वच्छता को समर्पित एक अत्यंत संवेदनशील एवं सराहनीय पहल के तहत, महापौर निर्मला देवी ने आरडीएस कॉलेज मुजफ्फरपुर के मुख्य द्वार के समीप नवनिर्मित अत्याधुनिक ‘पिंक टॉयलेट’ का उद्घाटन व लोकार्पण किया।
शहर को स्वच्छ, सुंदर और महिला-अनुकूल बनाने का प्रयास :
कार्यक्रम के दौरान उप महापौर मोनालिसा, उप नगर आयुक्त अमित कुमार, स्वच्छता प्रभारी शिवेश कुमार तथा स्थानीय वार्ड पार्षद रूपम कुमारी ने भी इस जनहितैषी कार्य की सराहना की। इस दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि, नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और महिला-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर समर्पित है। यह पिंक टॉयलेट इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
इस पावन अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्राएं और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।