वाल्मीकिनगर में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

बिहार के सभी 38 जिलों में चल रहा ‘एनीमिया मुक्त बिहार अभियान’
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। देश और बिहार को एनीमिया के प्रभाव से मुक्त करने की मुहिम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका समर्पण, संवेदनशीलता और सक्रिय सहभागिता ही इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आधार है।
एनीमिया का सर्वाधिक प्रभाव महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। यह समस्या न केवल उनके शारीरिक विकास को प्रभावित करती है, बल्कि उनके समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर डालती है। इस चुनौती से समाज को मुक्त करने के लिए जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
जागरूकता, ससमय जांच और उचित उपचार पर जोर :
इंडियन आयुष मेडिकल एसोसिएशन द्वारा वाल्मीकिनगर में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्री बिहार ने उक्त बातें कही। वे एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच अपने विचार साझा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने, एनीमिया यानी खून की कमी को एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए इसके प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया।
सभी 38 जिलों में चल रहा अभियान :
बताते चलें कि, एनीमिया की समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेशभर में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त से 30 नवंबर तक बिहार के सभी 38 जिलों में ‘एनीमिया मुक्त बिहार अभियान’ चलाया जा रहा है। जिसमें अब तक 1.50 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अभियान के तहत विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, ताकि बच्चों, किशोरियों और अन्य लक्षित समूहों तक जांच एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां पहुंचाई जा सकें।
जागरूकता और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण :
साथ ही, स्वस्थ एवं सशक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सहभागिता के बीच एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया गया।