मंत्री को भेजे गए पत्र पर कार्रवाई से जिला विकास संघर्ष मोर्चा में उत्साह

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। वर्षों से बंद पड़ी समस्तीपुर चीनी मिल को चालू कराने की मांग को लेकर समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे अभियान को एक नई उम्मीद मिली है। इस संबंध में गन्ना विकास मंत्री को लिखे गए पत्र के आलोक में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत दर्ज परिवाद को सुनवाई एवं अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, समस्तीपुर को अंतरित किए जाने पर मोर्चा ने खुशी जताई है।
चीनी मिल को पुनः चालू कराने की मांग पर संघर्ष होगा तेज :
इस बाबत में जारी आधिकारिक पत्र के बाद सोमवार को आयोजित मोर्चा की एक बैठक में निर्णय लिया गया कि, सुनवाई के दौरान चीनी मिल को चालू कराने की संभावनाओं को लेकर सर्वेक्षण से प्राप्त साक्ष्य एवं अन्य संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही चीनी मिल को पुनः चालू कराने की मांग पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के हित से जुड़ा सवाल :
बैठक में नवंबर के अंतिम सप्ताह में मोर्चा की जीबी (जनरल बॉडी) बैठक आयोजित करने तथा दिसंबर के प्रथम सप्ताह से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर की बंद चीनी मिल को चालू करना जिले के किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के हित से जुड़ा सवाल है। मिल चालू होने से गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मोर्चा इस मांग को अंजाम तक पहुंचाने के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
उपस्थिति :
मौके पर मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता शाहीद हुसैन, संतोष कुमार निराला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।