
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
रामजी कुमार
समस्तीपुर। शनिवार को जिले के पूसा प्रखंड के बिरौली स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय दिघरा में बच्चे बेहद उत्साहित थे। अवसर था लर्निंग जर्नल ‘दिघरा’- 9 के लोकार्पण का। इसी उत्साह व हर्षोल्लास के बीच अंकित, दीपरंजन, विद्या कुमारी, कनिष्का पाल ने संयुक्त रूप से लर्निंग जर्नल का लोकार्पण किया।
जर्नल के मुख्य संपादक मुकेश कुमार मृदुल ने बताया कि यह जर्नल बच्चों द्वारा किये गये क्रियाकलापों की स्मृतियों का झरोखा है। जो बच्चों को ऑनलाइन एवं विद्यालय के दीवार पर भी उपलब्ध कराया जाता है। इसे देखकर बच्चे उत्साहित ही नहीं होते बल्कि प्रेरित भी होते हैं।
उन्होंने बताया कि आनंदमयी शिक्षा के अंतर्गत इसका प्रकाशन प्रत्येक तीन महीने पर किया जाता है। बताते चलें कि श्री मृदुल अपने नवाचारी क्रिया-कलापों के लिए हाल ही में दूसरी बार टीचर ऑफ द मंथ एवार्ड से सम्मानित किये गये हैं।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सह लर्निंग जर्नल के संरक्षक मंडल राय ने कहा कि आनंदमयी शिक्षा को साकार करने और उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था स्थापित करने में नवाचार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इसलिए विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए शिक्षकों को नवाचार केलिए प्रोत्साहित किया जाता है। साथ ही इस केलिए उन्हें समुचित अवसर प्रदान किया जाता है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण हो और वे सुगमता पूर्वक ज्ञान हासिल भी कर सके।
इस जर्नल के संपादक-मंडल में विष्णुदेव पासवान, अंशु कुमारी, उमेश कुमार पंडित तथा नवीन कुमार शामिल हैं। लोकार्पण के बाद छात्र-छात्राएं उत्सुकता के साथ लर्निंग जर्नल को दीवाल पर अवलोकित करते नजर आए। साथ ही आपस में घर जाकर मोबाइल में देखने की भी चर्चा करते रहे।