
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) के नेतृत्व में साइबर थाना के तत्वावधान में शहर के काशीपुर स्थित आर.बी.एस. इंटर स्कूल, में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं कर्मियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
सोशल मीडिया पर रहें सावधान :
इस दौरान साइबर थाना की टीम ने विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड एवं उनसे बचने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। जिसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से होने वाले अपराधों से सावधानी बरतने के तरीके बताए गए।
ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स पर सावधानी :
साथ ही ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स—अमेज़न, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा एवं मीशो—पर होने वाले धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी साझा किए गए। इसके अलावा फर्जी कॉल, संदिग्ध वीडियो कॉल, निवेश के नाम पर ठगी, एटीएम फ्रॉड, आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम से जुड़े अपराध, फर्जी फेसबुक आईडी, ओएलएक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर खरीद-बिक्री के दौरान होने वाले फ्रॉड और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी से बचने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
सतर्क रहने की आवश्यकता :
इस क्रम में मोबाइल फोन खो जाने की स्थिति में सीईआइआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध मुख्यतः भय और लालच के कारण होते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
1930 & एनसीआरपी :
समस्तीपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।