
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए होली मिशन हाई स्कूल के कक्षा दशम के होनहार छात्र ‘श्वेतांक संचित’ और अभिनव कुमार का उनके अभिनव विज्ञान प्रोजेक्ट ‘नेक्सोरा’ के लिए चयन किया गया है। बुधवार को शहर के मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल के प्रांगण में विद्यालय की सभी शाखाओं यथा मोहनपुर, काशीपुर, सतमलपुर, एवं दलसिंहसराय के छात्र-छात्राओं, एवं शिक्षक– शिक्षिकाओं की उपस्थिति में प्रात:कालीन प्रार्थना सभा के दौरान दोनों चयनित छात्रों का जोरदार करतल ध्वनि के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता के लिए चुने गए दो छात्र :
बताते चलें कि, कार्यक्रम का आगाज़ समस्तीपुर और पटोरी अनुमंडल के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को प्रेरित करने के लिए आयोजित 32वीं बिहार बाल विज्ञान कांग्रेस की दो दिवसीय कार्यशाला के साथ हुआ था जिसका आयोजन होली मिशन हाई स्कूल में किया गया था। तत्पश्चात ज़िला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस की प्रतियोगिता तिरहुत एकेडमी, समस्तीपुर में आयोजित की गई। यहाँ भी दोनों बाल वैज्ञानिकों ने अपनी अद्भुत वैज्ञानिक सोच व प्रतिभा से राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के चयन में सफलता हासिल की। पुनः बेगूसराय ‘में दिनांक 1-11-2026 से 3-11-2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में भी महान वैज्ञानिकों व निर्णायक मंडल के बीच अपनी अद्भुत वैज्ञानिक क्षमता एवं कौशल का प्रदर्शन कर ये दोनों छात्र राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता के लिए चुने गए।
दी बधाई और शुभकामनाएं :
इस उपलब्धि से होली मिशन हाई स्कूल में खुशी का माहौल व्याप्त है। इस बड़ी सफलता के लिए उपस्थित होली मिशन ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक डॉ. धर्मांश रंजन, प्राचार्य अमृत रंजन, निदेशक नैना रंजन, उप-निदेशक आकर्ष रंजन और दलसिंहसराय के प्राचार्य गंगा नारायण झा ने उन्हें सफलता के लिए बधाई के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी।
प्राचार्य ने की विज्ञान शिक्षकों की प्रशंसा :
विद्यालय के प्राचार्य श्री रंजन ने बच्चों की सफलता के पीछे उनके जुनून, जोश व लगन की तारीफ़ कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही इतनी बड़ी सफलता के लिए बच्चों के साथ-साथ उनके प्रोजेक्ट मार्गदर्शक विद्यालय के विज्ञान शिक्षक पूर्व प्राचार्य डॉ. एस. के. अहमद एवं वरीय विज्ञान शिक्षक सरोज कुमार के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा की कार्यवाही समाप्त की गई।