पोदार इंटरनेशनल स्कूल में 11वां वार्षिक खेलकूद समारोह संपन्न

नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा
ओईनी न्यूज नेटवर्क
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के शंभुपट्टी स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के 11वें वार्षिक खेलकूद समारोह का दो सत्रों में सफल आयोजन किया गया। समारोह में नर्सरी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों के स्वागत अभिनंदन के बाद फ्लैग मार्च के साथ समारोह ने दिशा पकड़ी।
प्रथम सत्र – नर्सरी से कक्षा 5 तक छात्र हुए शामिल :
प्रथम सत्र में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सौमेंदु मुखर्जी थे। उनके स्वागत एवं सम्मान के बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों ने अभिभावकों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य अतिथि ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद शारीरिक विकास के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
दूसरे सत्र में 6 से कक्षा 10 तक के छात्रों ने दिखाया दम :
वहीं, दूसरे सत्र में छठी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके मुख्य अतिथि वन प्रमंडल पदाधिकारी राज कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथियों में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, 12वीं बटालियन बिहार एनसीसी के सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह, सूबेदार मेजर राजेश कुमार सिंह तथा आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित वर्मा शामिल थे।
सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के लिए किया प्रेरित :
मुख्य अतिथि राज कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रहने की सलाह दी। अन्य अतिथियों ने भी बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित किया।
धन्यवाद ज्ञापन :
समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नील अखवारी सिन्हा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी तथा अतिथियों, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग करने वाले विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महत्वपूर्ण योगदान :
आयोजन को सफल बनाने में उपप्रधानाचार्य चंदन चौधरी, खेल शिक्षक अनुराग सिंह, निधि सिंह, विजय कुमार, विजय कौशिक, रूपाली गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों की भूमिका रही। पोदार प्रेप की हेडमिस्ट्रेस रश्मि चंदेल ने भी छोटे बच्चों की भागीदारी और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
