सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए रेलकर्मी सम्मानित

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। सुरक्षा एवं संरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में अधिकारियों से लेकर अग्रिम पंक्ति में कार्यरत प्रत्येक रेलकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। सभी रेलकर्मियों को सदैव सतर्क रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। ऐसे में दिलीप कुमार की संरक्षा के प्रति सजगता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा प्रेरक व अनुकरणीय है।
अपनी सूझ बूझ और त्वरित निर्णय क्षमता से एक बड़े हादसे को टालने के लिए नारायणपुर अनंत में कार्यरत गेट मैं दिलीप कुमार को सम्मानित करने के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, समस्तीपुर मंडल ऐसे कर्तव्यनिष्ठ एवं सजग रेलकर्मियों के योगदान की सराहना करता है तथा उनके कार्यों को अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत मानता है।
अप्रिय घटना को रोकने में मिली महत्वपूर्ण सहायता :
श्री कुमार की सतर्कता, सूझबूझ एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण न केवल सराहनीय है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि रेल परिचालन में प्रत्येक रेलकर्मी की सजगता एवं जिम्मेदारी कितनी महत्वपूर्ण है। समय पर दी गई उनकी सूचना से एक संभावित अप्रिय घटना को रोकने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
कौन है दिलीप कुमार, क्यों हुए सम्मानित :
मंडल मुख्यालय में रेल संरक्षा के प्रति सजगता, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने वाले फाटक संख्या 94/C, नारायणपुर अनंत स्टेशन के निकट कार्यरत गेट मैन दिलीप कुमार को बुधवार की मंडल रेल प्रबंधक ने सराहना पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। श्री कुमार ने दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को ड्यूटी के दौरान एक एक्सप्रेस ट्रेन के कोच से धुआँ निकलते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना विलंब किए संबंधित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों को इसकी सूचना दी। उनकी त्वरित सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई, जिससे संभावित खतरे को समय रहते नियंत्रित करने में मदद मिली और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित किया जा सका।