
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कहें नशे को ‘ना’। नशा कोई हो यह आपके स्वास्थ्य पर ही नहीं बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। आपके पारिवारिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है, इसलिए यह हर हाल में त्याज्य है।
नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता कार्यक्रम :
समाज के सभी वर्गों के व्यक्तियों तक यह संदेश पहुंचाने और उन्हें नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस क्रम में विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थाओं के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
विविध कार्यक्रम आयोजित :
इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी, रोशन कुशवाहा ने जन-जागरूकता हेतु प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही समाहरणालय सभाकक्ष में दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया। तत्पश्चात हस्ताक्षर अभियान, सेल्फी प्वाइंट, रंगोली कार्यक्रम तथा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
550 प्रतिभागी हुए शामिल :
कार्यक्रम में जिला खेल कार्यालय, जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, मुस्कान नशा मुक्ति केंद्र एवं एनसीसी कैडेट्स विंग के लगभग 550 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
उपस्थिति :
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा), सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अधीक्षक मद्य निषेध, प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय प्रशाखा, जिला खेल पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।