
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। गर्मी के मौसम में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अग्नि शमन विभाग एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। इसके तहत रविवार को विभाग ने रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं वार्डों में मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान चलाया।
मॉक ड्रिल :
इस दौरान विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को आग से बचाव और आपदा प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी गई। इस क्रम में अग्निशमन टीम ने पैरोरिया वार्ड संख्या 04 में ग्रामीणों के साथ मिलकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया।
घबराने के बजाय सूझबूझ से काम :
इसमें आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर उसे नियंत्रित करने, लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने के तरीकों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लें और बाल्टी, पानी, मिट्टी व कंबल जैसे साधनों का उपयोग करें।
सतर्क रहना जरूरी :
इसके अलावा भीरहा दक्षिण पंचायत में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, खाना बनाने में सावधानी तथा बिजली के शॉर्ट सर्किट से बचाव के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में आग तेजी से फैलती है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों की भागीदारी :
अभियान के दौरान पंपलेट व कैलेंडर वितरित कर अग्नि सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।