
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। रोजगार परक शिक्षा के माध्यम से युवा जॉब सीकर की जगह जॉब क्रिएटर या प्रोवाइडर बन सकें तो न सिर्फ केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज का उत्तरोत्तर विकास हो सकता है।
एआई तकनीक की शिक्षा महत्वपूर्ण :
विभूतिपुर प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने रविवार को कौशल विकास केंद्र, खदियाही में आयोजित युवा वर्ग और रोजगार की संभावना विषयक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, डिजिटलाइजेशन के इस दौर में जब एडवांस इंटेलीजेंस की बात हो रही है ऐसे में कंप्यूटर के साथ साथ एआई तकनीक की शिक्षा का महत्व बढ़ गया है।
युवा वर्ग और रोजगार की संभावना” विषयक संगोष्ठी आयोजित :
बताते चलें कि, विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के कौशल विकास केंद्र, खदियाही के सभागार में जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र, समस्तीपुर व दूर देहात संस्था, माना राय टोल, विभूतिपुर के संयुक्त तत्वाधान में “युवा वर्ग और रोजगार की संभावना” विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता दूर देहात अध्यक्ष दिनेश कुमार दिनकर व संचालन दूर देहात सचिव आचार्य प्रभु नारायण झा नें की।
स्वागत व उद्घाटन :
इस अवसर पर सर्वप्रथम अंजना भारती व रत्न प्रिया की सुरीली आवाज में स्वागत गीत के पश्चात प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी, जिला पार्षद जितेंद्र राम, समाजसेवी श्याम किशोर कुशवाहा, दूर देहात के अध्यक्ष दिनेश कुमार दिनकर, जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र, समस्तीपुर के सचिव सुरेंद्र कुमार व जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. दीप्ति कुमारी व सेवानिवृत्त शिक्षक रामशंकर प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर संगोष्ठी का विधिवत उद्घाटन किया।
जॉब सीकर से कहीं ज्यादा बेहतर है जॉब क्रिएटर बनें :
तत्पश्चात मिथिला परंपरा के अनुसार चादर, पाग व फूल-माला भेंट कर आगंतुक अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी श्याम किशोर कुशवाहा ने कहा कि, जॉब सीकर से कहीं ज्यादा बेहतर है जॉब क्रिएटर बनिए। जरूरी नहीं है कि सिर्फ सरकारी नौकरी से ही बेहतर भविष्य और पहचान बन सकती है। स्व रोजगार की दिशा में भी कड़ी मेहनत कर के भी राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्थान प्राप्त कर सकते है।
किया युवाओं को प्रोत्साहित :
अपने संबोधन के दौरान कौशल विकास केंद्र के निदेशक सह दूर देहात के संस्थापक सचिव श्री झा ने कहा कि, “मौजूदा दौर में जब बात डिजिटल इंडिया की हो रही है ऐसे में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत हीं आवश्यक है। सरकार द्वारा कुशल युवा कार्यक्रम के माध्यम से 3 माह की निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण मुहैया कराई जा रही है. जिसे छात्र सिर्फ डिग्री समझ कर नहीं बल्कि भविष्य की नींव समझकर अगर ग्रहण करते हैं तो, उन्हें सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।” संगोष्ठी के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त कर युवाओं को प्रोत्साहित किया।
कई शिक्षक हुए सम्मानित :
इस दौरान सेवानिवृत शिक्षक रामशंकर प्रसाद, कौशल विकास केंद्र के समन्वयक पिंटू कुमार, समाजसेवी चंद्रदेव प्रसाद सिंह, शिक्षक सुजीत कुमार, संजीत कुमार, मुकेश कुमार, दीनबंधु कुमार, अजय आनंद, बीके शर्मा, आदेश कुमार, कुंदन कुमार, नरेंद्र पंडित, अनिल कुमार सहित कई अन्य निजी शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को भी सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई।
डाबर का ग्लूकोज वितरण :
मौके पर केवाईपी के प्रशिक्षक सुबोध सोनू, श्रवण कुमार दास, नीतीश कुमार, रचना राही, सोनम कुमारी आदि उपस्थित थे। मौके पर उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र द्वारा डाबर ग्लूकोज सी का वितरण किया गया।