डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में बायोगैस प्लांट रखी गई आधारशिला,

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। यह बायोगैस प्लांट विश्वविद्यालय को सेल्फ सस्टेनेबल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पशु अपशिष्ट अब तक हमारे लिए एक चुनौती था, बायोगैस प्लांट की स्थापना के बाद अब वही चुनौती हमारी ताकत बनेगा। इस परियोजना के तहत पशु प्रक्षेत्र में प्रतिदिन निकलने वाले गोबर और पशु अपशिष्ट को बायोगैस में परिवर्तित किया जाएगा। इससे हम न केवल ऊर्जा जरूरतों के मामले में आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि प्राकृतिक खेती व पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देंगे।
कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेन्दु पाण्डेय ने बुधवार को बायोगैस प्लांट केलिए भूमि पूजन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कदम :
इस क्रम में उन्होंने कहा कि, सिर्फ ईंधन ही नहीं प्लांट से निकलने वाले डाइजेस्टेट का उपयोग उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद के रूप में विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों में किया जाएगा। यह निश्चित ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न :
बताते चलें कि, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के पशु प्रक्षेत्र, एपीआरआई परिसर में बुधवार को बायोगैस प्लांट की स्थापना हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर प्लांट की आधारशिला रखी गई।
एलपीजी सिलेंडर पर होने वाले लाखों रुपये के खर्च में होगी बचत :
कुलपति ने कहा कि, इस प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इससे उत्पादित बायोगैस से विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों में कुकिंग गैस की सप्लाई की जाएगी। इससे न सिर्फ विश्वविद्यालय की एलपीजी पर निर्भरता समाप्त होगी, बल्कि हॉस्टलों में एलपीजी सिलेंडर पर होने वाले लाखों रुपये के खर्च में बचत होगी और छात्र-छात्राओं को निर्बाध स्वच्छ ईंधन मिलेगा। साथ ही जैविक खाद से हमारी खेती की लागत घटेगी और मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी।
बायोगैस उत्पादन और अपशिष्ट प्रबंधन पर कर सकेंगे शोध :
कुलपति ने बताया कि यह प्लांट ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने में भी मदद करेगा, क्योंकि खुले में पड़े गोबर से निकलने वाली मीथेन गैस अब ऊर्जा में बदलेगी। यह परियोजना सतत एवं चक्रीय कृषि का जीवंत उदाहरण बनेगी। इसके अलावा यह प्लांट शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए भी एक प्रयोगशाला के रूप में काम करेगा, जहां छात्र बायोगैस उत्पादन और अपशिष्ट प्रबंधन पर प्रत्यक्ष शोध कर सकेंगे।
उपस्थिति :
कार्यक्रम में पीजीसीए के अधिष्ठाता डॉ मयंक राय सहित एपीआरआई के प्रभारी, वैज्ञानिक, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं एसआरई बायोगैस के प्रतिनिधि उपस्थित थे।