‘नीतीश संवाद’ में उपमुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

निशांत कुमार को बताया जदयू का भविष्य
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। 24 नवंबर बिहार के राजनीतिक और विकास के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन सुशासन और न्याय के साथ विकास की यात्रा की शुरुआत हुई थी। इसी ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए पार्टी ने प्रत्येक वर्ष इस दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाने तथा नीतीश कुमार के विचारों और कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए राज्यभर में ‘नीतीश संवाद’ आयोजित करने का निर्णय लिया है।
सुशासन दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनता दल (यू) की समस्तीपुर जिला इकाई की ओर से मोहनपुर स्थित यूएन पैलेस में आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में विशाल माला से अभिनंदन एवं अतिथियों के स्वागत सम्मान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ विधिवत उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने उक्त बातें कही।
राज्य को दी नई पहचान :
इस दौरान उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान बिहार में कानून-व्यवस्था में सुधार, आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। सड़क, बिजली और सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं ने राज्य को नई पहचान दी है।
कानून व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति थी चिंताजनक :
कार्यक्रम नगर अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मुन्ना की अध्यक्षता और जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय के संचालन में सम्पन्न नीतीश संवाद को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुशासन को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया था। उस समय बिहार की स्थिति काफी खराब थी। कानून-व्यवस्था, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक थी। लचर विधि व्यवस्था के कारण व्यवसायी पलायन कर रहे थे।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की जरूरत :
उन्होंने पार्टी के भविष्य और नेतृत्व की चर्चा करते हुए निशांत कुमार का भी उल्लेख किया। कहा कि उनमें धीरे-धीरे राजनीतिक समझदारी, संवेदनशीलता और जनता के प्रति जागरूकता दिखाई दे रही है। कार्यकर्ताओं को आने वाले समय में निशांत कुमार के नेतृत्व में भी बिहार की जनता की सेवा करने के लिए तैयार रहना चाहिए। इसके लिए संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने की जरूरत है।
उपस्थिति :
मौके पर विधायक अश्वमेघ देवी, राजकुमार राय, मांजरिक मृणाल, पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना, रामबालक सिंह, जिला प्रवक्ता अनस रिजवान, सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।