ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विभूतिपुर। जिले की चर्चित एवं सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय दूर देहात संस्था द्वारा सोमवार को नरहन में स्नातक के छात्र–छात्राओं केलिए इंटर्नशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य समारोह पूर्वक शुभारंभ किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
स्वागत व उद्घाटन :
अतिथियों का मैथिल परंपरानुसार स्वागत अभिनन्दन के बाद मुख्य अतिथि विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार एवं विशिष्ट अतिथि जिला पार्षद जितेंद्र कुमार, प्रखंड प्रमुख सुनीता कुमारी के साथ संस्था के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
इंटर्नशिप की रूपरेखा एवं प्रबंधन को सराहा :
अपने संबोधन में डॉ. तरुण ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “राष्ट्र निर्माण में ऊर्जा और जोश से भरे युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इंटर्नशिप छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान एवं सामाजिक अनुभव प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है।” साथ ही उन्होंने संस्था द्वारा तैयार इंटर्नशिप की रूपरेखा एवं कुशल प्रबंधन की सराहना की।
समाज के विकास में सक्रिय भूमिका :
विशिष्ट अतिथि जिला पार्षद जितेंद्र कुमार एवं विभूतिपुर प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं सशक्तिकरण के महत्व से अवगत कराया तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
जमीनी हकीकत को समझें :
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मनोरंजन कुमार ने इंटर्नशिप की आवश्यकता एवं महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज से जुड़कर कार्य करने और जमीनी हकीकत को समझने का संदेश दिया।
प्रतिभागियों का स्वागत :
इंटर्नशिप कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा, संस्था के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। वहीं इंटर्नशिप सुपरवाइजर पिंटू कुमार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इंटर्नों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाज को बनाएं सशक्त :
संस्था के अध्यक्ष दिनेश कुमार दिनकर ने अपने सामाजिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। सचिव प्रभु नारायण झा ने इंटर्नों को व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने तथा समर्पण भाव से कार्य कर समाज को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
उपस्थिति एवं आभार :
कार्यक्रम में एमकेसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक कुमार ने डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा एवं कौशल की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर क्लस्टर मैनेजर रंजीत कुमार भी उपस्थित रहे। अंत में संस्था की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।