डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, इनसेट में कुलपति डॉ पीएस पांडेय।

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के पूसा स्थित डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने एक बार फिर ‘इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क’ (आईआईआरएफ) में अपना परचम लहराया है। जिसमें देश भर के कृषि विश्वविद्यालयों में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा ने आंठवा रैंक हासिल किया है। जबकि देश भर के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में इसे ग्यारहवां रैंक हासिल हुआ है।
सम्मिलित एकनिष्ठ प्रयास का नतीजा :
आईआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय के इस शानदार प्रदर्शन पर कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय ने पदाधिकारियों व कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि, “विश्वविद्यालय पिछले तीन वर्षों से देश भर के रैंकिंग में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, वैज्ञानिक, पदाधिकारी, कर्मचारी तथा संविदाकर्मियों के सम्मिलित एकनिष्ठ प्रयास का नतीजा है।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा रैंक :
उन्होंने कहा कि, “जब एक लक्ष्य निर्धारित होता है और तो उसे हासिल करने के लिए सब लोग सामुहिक प्रयास करते है तो उसे आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। वे चाहते हैं कि विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी अपना स्थान प्राप्त करे। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर लिया गया है और ताकि प्रतिबद्धता पूर्वक एकनिष्ठ होकर कार्य किया जा सके। आने वाले कुछ वर्षों में निश्चित ही विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा रैंक हासिल कर पायेगा।”
कुलसचिव ने दी बधाई :
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ पी.के. प्रणव ने कुलपति को इस शानदार प्रदर्शन केलिए बधाई दी और कहा कि, “जब शीर्ष नेतृत्व पारदर्शी और ईमानदार तरीके से कार्य करता है तो सभी लोग एकनिष्ठ हो जाते हैं।”
निदेशक शिक्षा ने कहा :
निदेशक शिक्षा डॉ. उमाकांत बेहरा ने कहा कि, “विश्वविद्यालय में पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा और अनुसंधान के स्तर में तेजी से विकास हुआ है। इसके परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय के छात्रों का प्रदर्शन बेहतर हुआ है, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और प्रसार की गतिविधियां भी प्रभावी हुई हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कुलपति डॉ पांडेय के नेतृत्व में निश्चित रूप से विश्वविद्यालय वर्ल्ड रैंकिंग में भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।”
एबीआरएम निदेशक के उद्गार :
एग्री-बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ रामदत्त ने कहा कि, “कुलपति का व्यक्तित्व सभी लोग को एकजुट हों कार्य करने की प्रेरणा देता है। कुलपति सुबह से लेकर रात आठ बजे तक विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं जिसे सब लोग प्रत्यक्ष रूप से देखते हैं। उनके परिश्रम को देखकर सभी लोग प्रभावित हुए हैं जिसके परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय हर तरह की रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।”
जेएनयू और डीयू को क्रमशः पहला और दूसरा स्थान :
बताते चलें कि इस रैंकिंग में पहला रैंक जेनयू नई दिल्ली को प्राप्त हुआ है जिसका ओवर ऑल स्कोर 987.50 है जबकि दूसरा स्थान दिल्ली विश्वविद्यालय को मिला है जिसका ओवर ऑल स्कोर 985.74 है। वहीं डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का ओवरऑल स्कोर 971.59 है।