
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। भारतीय क्रिकेट की समृद्ध परंपरा में समय-समय पर ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरते रहे हैं, जिन्होंने न केवल खेल के स्तर को ऊँचा उठाया बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर खड़ा कर अगली पीढ़ी केलिए प्रेरणा पुंज भी बने।
रिकॉर्ड तोड़ सूर्यवंशी :
लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग, मिस्टर वॉल राहुल द्रविड़ से लेकर कैप्टन कुल महेंद्र सिंह धोनी, किंग विराट कोहली, और हिट मैन रोहित शर्मा तक, हर दौर ने अपने नायक देखे हैं। हर दौर में रिकॉर्ड बनते–टूटते रहे हैं। अब इसी कड़ी में एक नया नाम तेजी से उभर रहा है बेबी बॉस वैभव सूर्यवंशी। इन्हें रिकॉर्ड तोड़ सूर्यवंशी भी लोग कहने लगे हैं।
नया रिकार्ड ‘यंगेस्ट प्लेयर’ बनना तय :
आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड तोड़ धुआंधार बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप (सर्वाधिक 776 रन), सुपर सिक्सेस (72 छक्के), मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर (237 का स्ट्राइक रेट) सहित 5 अवॉर्ड जीत कर न सिर्फ सुर्खियां बटोरी बल्कि, टीम इंडिया स्क्वायड में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। इंडिया–आयरलैंड के दौरे पर वे भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे और क्रिकेट के गॉड सचिन तेंदुलकर के यंगेस्ट प्लेयर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
विजडन के कवर पेज पर वैभव :
मगर जरा ठहरिए! यंगेस्ट प्लेयर का रिकार्ड बाद में, इससे पहले भारत के वैभव ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया है। इसके पहले इतनी ‘छोटी उम्र में’ कोई भी क्रिकेटर यह खास उपलब्धि हासिल नहीं कर पाया था। वह है इंग्लैंड के प्रतिष्ठित पत्रिका विजडन के कवर पेज पर जगह मिलना। यह किसी खिलाड़ी की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण माना जाता है।
सबसे कम उम्र में आईपीएल से विजडन :
समस्तीपुर की मिट्टी से निकले क्रिकेट जगत के नए शहंशाह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी विजडन के कवर पेज पर जगह पाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन चुके हैं। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उन्हें यह सम्मान मिला है। इसके पहले टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली विजडन के कवर पेज पर जगह बना चुके हैं। साल 2014 में तेंदुलकर और साल 2017 में कोहली को ये सम्मान मिला था।
विपक्षी भी भारत के वैभव के मुरीद :
जिले के ताजपुर निवासी क्रिकेटर संजीव सूर्यवंशी का लाल, क्रिकेट जगत का बेबी बॉस, रिकॉर्ड बुक का नन्हा तूफान, बॉलर्स का काल, 22 गज की पट्टी का दैत्य जैसे कई उपनामों से प्रसिद्ध 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की मासूमियत, भोलापन और शिष्ट व्यवहार ने हर मैच में विपक्षी को भी अपना मुरीद बनाया है। हाल ये है कि, सिर्फ भारतीय दिग्गज ही नहीं श्रीलंका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्ट इंडीज सहित तमाम देशों के दिग्गज भारत के इस युवा वैभव के मुरीद बने बैठे हैं।