उजियारपुर के भगवानपुर कमला में पांच हजार एकड़ में फैला है ऐतिहासिक चौर, साल भर भरा रहता है पानी,

कहते हैं, लाक्षा गृह से निकलने के बाद माता द्रौपदी ने यहां की थी छठ पूजा
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड स्थित भगवानपुर कमला गांव का ऐतिहासिक ‘देवखाल चौर’ लोक आस्था और गौरवशाली इतिहास का अनूठा संगम समेटे हुए है। करीब पांच हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस चौर का सीधा नाता महाभारत काल से जुड़ा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, लाक्षागृह की आग से बचकर निकलने के बाद माता द्रौपदी ने यहीं पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर छठ पूजा किया था।
कभी नहीं सूखता इस चौर का पानी :
स्थानीय लोगों के अनुसार, महाभारत काल में जब पांडव लाक्षागृह के षड्यंत्र से बचकर गुप्त सुरंग के रास्ते दलसिंहसराय के ‘पांड’ पहुंचे थे। तब कार्तिक मास चल रहा था। पांडवों के सकुशल बचने की खुशी में और उनकी मंगलकामना के लिए द्रौपदी ने देवखाल चौर के तट पर सूर्य उपासना की थी। इस चौर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि भीषण गर्मी में भी इसका पानी कभी नहीं सूखता है। हर साल यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु छठ मनाने जुटते हैं।

सन् 2001ई. से कर रहे व्रतियों व श्रद्धालुओं की सेवा :
इस ऐतिहासिक मान्यता से जुड़े कमला छठ घाट पर पिछले 26 वर्षों से समाजसेवी राजू सहनी लगातार सेवा कार्य करते आ रहे हैं। छठ महापर्व के अवसर पर घाटों की साफ-सफाई, सजावट, घाट निर्माण और श्रद्धालुओं के आने-जाने की सुविधाओं को लेकर वे लगातार मेहनत करते नजर आते हैं। राजू सहनी ने बताया कि वर्ष 2001 से लगातार वे छठ पूजा के मौके पर श्रद्धालुओं की सेवा और छठ घाट की सजावट का कार्य करते आ रहे हैं।
संकल्प :
उनका कहना है कि छठी मैया की सेवा और श्रद्धालुओं की सेवा ही उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है। श्री सहनी ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों का समतलीकरण और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि छठ मैया और भगवान सूर्यदेव की उन पर बड़ी कृपा है। जब तक उनके शरीर में जान रहेगी, तब तक वे अपने निजी कोष से इस घाट पर सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य कार्य करते रहेंगे।
खुदाई में मिल चुके हैं कुषाणकालीन अवशेष :
देवखाल चौर के समीप ही ऐतिहासिक ‘पांडव स्थान’ है, जहां पांडव कृष्ण धाम मंदिर स्थापित है। यह इलाका पुरातात्विक दृष्टि से भी बेहद समृद्ध है। ग्रामीणों के मुताबिक, वर्ष 2002 में हुई खुदाई के दौरान यहां कुषाणकालीन सभ्यता के प्रमाण, प्राचीन दीवारें, दुर्लभ मूर्तियां और ब्राह्मी लिपि अंकित मिट्टी के बर्तन मिले थे।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग :
इतने समृद्ध इतिहास और गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र होने के बावजूद यह क्षेत्र आज भी सरकारी उपेक्षा का शिकार है। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से देवखाल चौर और पांडव स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं, ताकि बिहार की इस ऐतिहासिक धरोहर को देश-दुनिया में नई पहचान मिल सके।