वकीलों की नारेबाजी से गूंज उठा शहर, की दोषियों पर कार्रवाई और माफी की मांग

ओई नी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। ‘वकीलों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, हम वकीलों का अपमान नहीं सहेंगे नहीं सहेंगे और ‘अधिवक्ता एकता जिंदाबाद’ जैसे गगनचुम्बी नारों से शहर गूंज उठा। जब इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक अधिवक्ता के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अपमानजनक कार्रवाई के विरोध में शनिवार को समस्तीपुर के अधिवक्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
जिला व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय से निकला मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय मुख्य द्वार पर पहुंचा और घटना के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।
अधिवक्ता समाज की गरिमा पर आघात :
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष डॉ. एसए इमाम के नेतृत्व में निकले मार्च के दौरान अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के साथ हुए व्यवहार को न्यायिक व्यवस्था और पूरे अधिवक्ता समाज की गरिमा पर आघात करार दिया।
न्याय मिलने तक आंदोलन रहेगा जारी :
इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के सचिव कुंज बिहारी वर्मा ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक अधिवक्ता के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद निंदनीय है। यह केवल एक अधिवक्ता का अपमान नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज की प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसके खिलाफ सड़क से लेकर न्यायालय तक आंदोलन जारी रहेगा। मार्च में शामिल अधिवक्ताओं ने कहा कि, न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित होना चाहिए।