गंगा उत्सव के तहत नदी संवाद और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला गंगा समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय गंगा उत्सव शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस अवसर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय, गावपुर में नदी संवाद सह चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नदियों एवं जलाशयों के संरक्षण का संदेश दिया।
शीर्ष तीन प्रतिभागी पुरस्कृत :
नदी संवाद प्रतियोगिता में साधना गुप्ता ने प्रथम, प्रिया कुमारी ने द्वितीय और राजनंदनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में साधना गुप्ता प्रथम, शिफा नाजमीन द्वितीय और अनिकेत कुमार तृतीय स्थान पर रहे। दोनों प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाणपत्र और कपड़े के थैले देकर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन व संचालन:
इस अवसर पर सर्वप्रथम जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गावपुर के प्रधानाध्यापक संजय भारती, उच्च माध्यमिक विद्यालय गावपुर के प्रधानाध्यापक फूलो कुमार, नोडल शिक्षक सुशील कुमार सुमन एवं विक्रम कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुशील कुमार सुमन ने किया।
नदी संरक्षण का संदेश :
उत्सव के पहले दिन आयोजित नदी संवाद कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने नदियों और जलाशयों के संरक्षण, जल की महत्ता तथा पर्यावरण संतुलन में नदियों की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं, दूसरे दिन आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से नदी संरक्षण का संदेश दिया।