विद्यापतिधाम पहुंचकर डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा,
देशभर के नामचीन कलाकारों को किया जाएगा आमंत्रित

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। महाकवि विद्यापति केवल मिथिलांचल ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश की अमूल्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक धरोहर हैं। उनकी महाप्रयाण स्थली पर आयोजित होने वाला राजकीय महोत्सव पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इस वर्ष महोत्सव ऐतिहासिक होगा। आयोजन को ऐसा भव्य स्वरूप दिया जाएगा, जिससे महाकवि विद्यापति की साहित्यिक विरासत और मैथिली संस्कृति की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त हो।
विद्यापति राजकीय समारोह की तैयारियों का जायजा लेने विद्यापति धाम पहुंचे जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में प्रशासन के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम लोगों की सहभागिता भी अहम होगी।
14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव को यादगार बनाने की तैयारी तेज :
मिथिलांचल की सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक महाकवि विद्यापति की महाप्रयाण स्थली विद्यापतिधाम में आगामी 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने की तैयारी तेज हो गई है।
निरीक्षण के दौरान दिये जरूरी निर्देश :
महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने उगना महादेव मंदिर परिसर एवं रेलवे मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रचार–rप्रसार पर जोर :
इस दौरान डीएम ने समारोह स्थल पर भव्य पंडाल, आकर्षक तोरण द्वार, बेहतर साउंड सिस्टम, अतिथियों के आवासन, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। साथ ही महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों एवं अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया।
संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों को विशेष प्राथमिकता :
उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली और आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों ने महोत्सव की गरिमा के अनुरूप देशभर में ख्याति प्राप्त कलाकारों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया। साथ ही भव्य कवि सम्मेलन आयोजित करने तथा मैथिली भाषा, साहित्य, लोकगीत एवं पारंपरिक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित :
जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्कूली बच्चों के बीच रंगोली, क्विज, भाषण सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और महोत्सव में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।
सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश :
उन्होंने बताया कि महोत्सव में प्रसिद्ध कलाकारों के साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री, जिले के सभी सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, जिला परिषद अध्यक्ष सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
उपस्थिति :
मौके पर एसडीएम किशन कुमार, बीडीओ मोहम्मद महताब अंसारी, सीओ कुमार हर्ष, आरओ अरुण शर्मा, एसआई संजय कुमार सिंह, जदयू प्रदेश महासचिव धीरेंद्र कुमार सिंह, विद्यापति परिषद के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया गणेश गिरी कवि, भाजपा जिलाउपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति के उपाध्यक्ष मणिकांत सिंह, सचिव नवीन कुमार गिरी, कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज, सदस्य हरिओम गिरि, प्रवीण कुमार गिरी, धर्मराज सिंह, कैलाश पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।