
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ (मूल) के प्रदेश सचिव-सह-जिलाध्यक्ष कुमार रजनीश व जिला महासचिव राम बालक राय ने जिओबी मद से आच्छादित शिक्षकों के मार्च 2026 से लंबित वेतन भुगतान को लेकर जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना को ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
दी चेतावनी :
इस क्रम में संघ ने चेतावनी दी है कि, “शीघ्र वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में शिक्षकों में व्यापक असंतोष उत्पन्न हो सकता है।”
बताया दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक :
संघ के जिलाध्यक्ष सह प्रदेश सचिव कुमार रजनीश ने कहा कि, विभागीय निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह की प्रथम तिथि तक शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जाना अनिवार्य है। बावजूद इसके मार्च 2026 से मई 2026 तक वेतन भुगतान लंबित रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है।
शिक्षकों में निराशा एवं आक्रोश :
उन्होंने कहा कि लगातार 03 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों एवं उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई, पारिवारिक भरण-पोषण, चिकित्सा, सामाजिक दायित्वों तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे शिक्षकों के बीच निराशा एवं आक्रोश का माहौल है।
वेतन भुगतान की प्रक्रिया करें अविलंब पूर्ण :
ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि, “जब सरकार एवं विभाग समयबद्ध वेतन भुगतान को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी कर चुकी है, तब इस प्रकार की लापरवाही शिक्षकों के मनोबल एवं शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।“ संघ ने जिलाधिकारी व जिला शिक्षा पदाधिकारी से मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया को अविलंब पूर्ण कराने की मांग की है।