
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला अंतर्गत बिहार लोक सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या- 87/2025 के आलोक में आयोजित विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन निर्धारित तिथियों में तीन चरणों में किया जाना है। परीक्षा अवधि में प्रशासनिक व्यवस्था संधारण, व परीक्षा के कदाचार मुक्त सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु राजेश कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), को सहायक परीक्षा संयोजक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। जो परीक्षा संयोजक को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
31 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा :
जिसमें प्रथम चरण में दिनांक 14.04.2026, एवं 15.04.2026, द्वितीय चरण 17.04.2026, एवं 18.04.2026, तथा तृतीय चरण 20.04.2026 एवं 21.04.2026 को जिले के कुल 31 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी
परीक्षा के तैयारियों की हुई समीक्षा :
परीक्षा की तैयारियों के क्रम में आज समाहरणालय सभागार, में परीक्षा सहायक संयोजक द्वारा सभी जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें में परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
अभ्यर्थियों का सुगम प्रवेश सुनिश्चित करने पर बल :
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, समयबद्ध संचालन तथा अभ्यर्थियों की सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
केंद्राधीक्षक की प्रतिनियुक्ति :
केन्द्र व्यवस्था व परीक्षा संचालन के लिए सरकारी शिक्षण संस्थानों एवं सीबीएसई / आईसीएसई से संबद्ध गैर-सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण को केन्द्राधीक्षक एवं वीक्षक के रूप में नामित किया जाएगा। वहीं, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से संबद्ध गैर-सरकारी विद्यालयों में केन्द्राधीक्षक के रूप में केवल सरकारी पदाधिकारी (जैसे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, राजकीय/राजकीयकृत विद्यालयों के प्रधानाध्यापक) की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति :
वीक्षकों की आवश्यकता होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, समस्तीपुर द्वारा रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से परीक्षा तिथि से 03 दिन पूर्व प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त वीक्षक अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र पर दिनांक 13.04.2026 के पूर्वाह्न में अनिवार्य रूप से योगदान देंगे, जिसे जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित कराया जाएगा।
दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन :
अंत में सभी संबंधित पदाधिकारियों, केन्द्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को निर्देशित किया गया कि, “परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।”
परीक्षा का कार्यक्रम :
प्रथम चरण : 14.04.2026 (मंगलवार) :
प्रथम पाली: 10:00 पूर्वाह्न – 12:00 मध्याह्न (सामान्य भाषा)
द्वितीय पाली: 02:30 अपराह्न – 04:30 अपराह्न (सामान्य अध्ययन)
15.04.2026 (बुधवार) :
एकल पाली: 10:00 पूर्वाह्न – 12:00 मध्याह्न (सामान्य योग्यता)
द्वितीय चरण 17.04.2026 (शुक्रवार) :
प्रथम पाली: 10:00 पूर्वाह्न – 12:00 मध्याह्न (सामान्य भाषा)
द्वितीय पाली: 02:30 अपराह्न – 04:30 अपराह्न (सामान्य अध्ययन)
18.04.2026 (शनिवार)
एकल पाली: 10:00 पूर्वाह्न – 12:00 मध्याह्न (सामान्य योग्यता)
तृतीय चरण 20.04.2026 (सोमवार) :
प्रथम पाली: 10:00 पूर्वाह्न – 12:00 मध्याह्न (सामान्य भाषा)
द्वितीय पाली: 02:30 अपराह्न – 04:30 अपराह्न (सामान्य अध्ययन)
21.04.2026 (मंगलवार)
एकल पाली: 10:00 पूर्वाह्न – 12:00 मध्याह्न (सामान्य योग्यता)
सभी अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय प्रातः 08:00 बजे निर्धारित किया गया है।