
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना (बालसा) के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर (डालसा) द्वारा “उभय लिंगी व्यक्तियों का एकीकरण, पुनर्वासन एवं न्याय तक पहुँच योजना-2023 (सितारा)” सप्ताह समारोह पूर्वक मनाया गया। इसके अंतर्गत शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित विधिक सेवा सदन में एक दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उद्घाटन :
इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार समीर कुमार, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस क्रम में अधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बड़ी संख्या में उभय लिंगी हुए शामिल :
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा कई उपयोगी स्टॉल भी लगाए गए। जिनमें आधार कार्ड पंजीकरण केंद्र, श्रम कार्ड, रोजगार कार्ड, कौशल विकास केंद्र, जिला उद्योग केंद्र, आयुष्मान कार्ड केंद्र, मतदाता पहचान पत्र केंद्र तथा उभय लिंगी पहचान पत्र केंद्र प्रमुख थे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उभय लिंगी व्यक्तियों ने इन स्टॉलों के माध्यम से बड़ी संख्या में अपना पंजीकरण कराया और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जी सकें :
कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने अपने संबोधन में उभय लिंगी व्यक्तियों के सामाजिक उत्थान, पुनर्वासन एवं सर्वांगीण विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं कानूनी संरक्षण के बारे में जागरूक किया। ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
धन्यवाद ज्ञापन और उपस्थिति :
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के सचिव मनोज कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सभी न्यायिक एवं प्रशासनिक पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।