
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रणेता, संगीत को सभ्य समाज में प्रतिष्ठित और रोजगार परक शिक्षा के रूप में स्थापित करने वाले संगीत एवं स्वरलिपि पद्धति के जनक पंडित विष्णु नारायण भातखण्डे की 166वीं जयंती के अवसर पर 10 अगस्त (सोमवार) को भव्य शास्त्रीय संगीत समारोह ‘संगीताञ्जलि’ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष यह समारोह जगमोहन विद्यापति कॉलेज ऑफ आर्ट एंड टेक्नोलॉजी, ओईनी के संयोजन में संध्या 5 बजे ओईनी पंचायत भवन के सामने स्थित महाराजा विवाह भवन के सभागार में आयोजित होगा।
उद्देश्य :
आयोजन समिति के सचिव संजय कुमार राजा ने संवाददाताओं कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए उक्त बातें कही। इस क्रम में उन्होंने बताया कि समारोह का उद्देश्य उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा संगीत साधकों, कलाकारों और प्रशिक्षुओं को एक राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है।
विभिन्न राज्यों व जिलों से कलाकार होंगे शामिल :
श्री राजा ने बताया कि, समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य कलाकारों में रांची (झारखंड) के सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित सतीश शर्मा तथा पटना की सुविख्यात कथक नृत्यांगना गुरु अंजुला कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली से केशव कुमार धीरज, दरभंगा से पंडित विनय कुमार झा तथा खगड़िया से गणेश पाल भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
स्थानीय एवं बाल कलाकारों को भी मौका :
इस दौरान स्थानीय संगीत साधकों, प्रशिक्षुओं और बाल कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसमें कथक गुरु लक्ष्मण कुमार, ओडिसी गुरु ए. नंदा एवं साक्षी ऋतु की शिष्याओं, के अलावा हेमंत कुमार तथा संजय अस्थाना भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
मुख्य अतिथि :
समारोह में मुख्य अतिथि जिला कला, संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी जूही कुमारी होंगी, जबकि प्राचीन कला केंद्र, पटना के क्षेत्रीय समन्वयक अभिषेक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उपस्थिति :
प्रेस वार्ता के दौरान संजय कुमार सिंह, तबलाचार्य रामचंद्र ठाकुर, सुमित कुमार सुमन, रौशन कुमार और संतोष कुमार, विभूति कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे। वहीं हसनपुर से पंडित रामनरेश राय, दरभंगा से डॉ. वेद प्रकाश आर्य तथा दिल्ली से रंजन कुमार वर्चुअल माध्यम से प्रेस वार्ता में शामिल हुए।
अपील :
इस दौरान आयोजकों ने जिले के संगीत प्रेमियों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से बड़ी संख्या में समारोह में भाग लेकर इस सांस्कृतिक संध्या को सफल बनाने की अपील की।