
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए निर्धारित सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए। साथ ही मतदाताओं एवं प्रतिनियुक्त मतदान पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
आगामी दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर जारी तैयारियों के निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने पदाधिकारियों से उक्त बातें कही।
दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें सुनिश्चित :
इस दौरान उन्होंने कहा कि, पूरी निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें।
आवश्यक सुविधाओं का लिया जायजा :
बताते चलें कि, आगामी दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा के क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समस्तीपुर सदर प्रखंड एवं नगर परिषद, रोसड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
मतदान दिवस से पूर्व सभी तैयारियां करें पूर्ण :
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए पदाधिकारियों से कहा कि, मतदान दिवस से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा या व्यवधान उत्पन्न न हो।
उपस्थिति :
मौके पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।