
ओई नी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में छूटे योग्य निर्वाचकों के नाम जोड़ने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 16 और 17 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
प्राप्त आवेदनों का करें पंजी का संधारण :
इस क्रम में डीएम ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं हैं और निरंतर अद्यतीकरण के दौरान भी उनका पंजीकरण नहीं हो सका है, उनसे प्रपत्र-6 में आवेदन लेकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए। प्राप्त आवेदनों की सूची तैयार कर संबंधित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को उपलब्ध कराने के साथ पंजी का संधारण भी किया जाए।
छूटे एवं नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश :
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले और बाद में मतदान केंद्रों की संख्या में युक्तिकरण के कारण बदलाव हुआ है। ऐसे में छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके लिए पुनरीक्षण के दौरान तैयार एएसडी सूची का बीएलओ से सत्यापन कराने और उसके आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
होगी प्रमुख गतिविधियों की वीडियोग्राफी :
कैंप में प्रपत्र-6 भरने वाले तथा वर्तमान मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं का डेमोग्राफिक विवरण जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा जिला जनसंपर्क कार्यालय को भेजा जाएगा। ताकि उसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय को उपलब्ध कराया जा सके। कैंप के प्रमुख गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी करेंगे निरीक्षण :
डीएम ने बीएलओ पर्यवेक्षकों को बीएलओ के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी करने और उनके द्वारा संधारित पंजी का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। कैंप के दिन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्वयं मतदान केंद्रों का भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करेंगे। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे।