
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने वाला संस्थान नहीं है। हम यहां छात्रों के भविष्य का निर्माण करते हैं और एक दिन यही छात्र देश के भविष्य का निर्माण करेंगे। विश्वविद्यालय का लक्ष्य है छात्रों को देश एवं उद्योग की जरूरत के अनुसार तैयार करना।
देंगे कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई :
शुक्रवार को विश्वविद्यालय स्थित विद्यापति सभागार में आयोजित एक समारोह के दौरान कुलपति डॉ. पी.एस. पाण्डेय ने उक्त बातें कही। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि पूसा के छात्र एग्रीबिजनेस और रूरल मैनेजमेंट के माध्यम से देश की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देंगे।
लगातार चौथी बार सौ प्रतिशत प्लेसमेंट :
उन्होंने कहा कि, विश्वविद्यालय में पिछले चार वर्षों से लगातार सौ प्रतिशत छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट इस बात का प्रमाण है कि यहां के शिक्षक , वैज्ञानिक और छात्र देश में सबसे उत्कृष्ट हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास रहेगा कि आने वाले वर्षों में और अधिक कंपनियां कैंपस में आएं और छात्रों को बेहतर पैकेज व अवसर मिलें। साथ ही डॉ पांडेय ने लगातार चौथी बार सौ प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए डॉ रामदत्त की सराहना की।
सफलता के रिकॉर्ड का जश्न :
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के स्कूल आफ़ एग्री-बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के द्वारा विद्यापति सभागार में लगातार चौथी बार एमबीए एग्री-बिजनेस एवं एमबीए रूरल मैनेजमेंट बैच 2024-26 के छात्रों के सौ प्रतिशत प्लेसमेंट पर विश्वविद्यालय में जश्न का माहौल है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्यापति सभागार में एक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों, अभिभावकों, संकाय सदस्यों एवं बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उद्घाटन एवं स्वागत :
इस क्रम में सर्वप्रथम परंपरानुसार कुलगीत प्रसारण के उपरान्त दीप प्रज्ज्वलन, एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। तत्पश्चात शॉल, पुष्प गुच्छ आदि से अतिथियों का स्वागत किया गया।अतिथियों व छात्रों का स्वागत करते हुए स्कूल आफ़ एग्री-बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. राम दत्त ने बताया कि इस बैच के सभी छात्रों का अग्रणी एग्री कंपनियों, बैंकों, एफपीओ, एग्री-टेक स्टार्टअप और सरकारी संस्थानों में प्लेसमेंट हुआ है। यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
डिजिटल एग्रीकल्चर में देश को राह दिखा रहा विवि :
मुख्य अतिथि कुलाधिपति डॉ. प्रेम लाल गौतम ने कहा कुलपति डॉ पांडेय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय लगातार प्रगति कर रहा है। पिछले चार वर्षों से लगातार सौ प्रतिशत छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट देश भर में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय डिजिटल एग्रीकल्चर के क्षेत्र में देश को नई राह दिखा रहा है।
विश्वविद्यालय ने कर दिया साबित :
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स में भी अनुसंधान चल रहे हैं जिसके परिणाम निश्चित ही कृषि जगत में क्रांतिकारी परिवर्तन लायेंगे। इस दौरान उन्होंने सभी सफल छात्रों और शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय ने साबित कर दिया है कि, सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से भारत की तस्वीर बदली जा सकती है।
मंच संचालन व उपस्थिति :
कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. रमन कुमार त्रिवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन डॉ रमनदीप ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ संजीत कुमार समीर ने किया। कार्यक्रम के दौरान डीन फिशरीज डॉ पी पी श्रीवास्तव, डीन पीजीसीए डॉ मयंक राय, निदेशक शिक्षा डा उमाकांत बेहरा, निदेशक अनुसंधान डॉ ए के सिंह, डॉ कुमार राज्यवर्धन, डॉ संतोष के एम , डॉ महेश कुमार समेत विभिन्न शिक्षक वैज्ञानिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।