
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला मुख्यालय में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं को सीधे नौकरी का अवसर प्रदान करेंगी।
दर्जनों नामचीन कंपनियां होंगी शामिल :
इस बाबत प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले में लगभग 2500 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध रहेंगी। इसमें क्वेस कॉर्प लिमिटेड, ब्लिंकिट, डीएसईटीएस प्राइवेट लिमिटेड, केकेपी फाइन लिनन प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी ऑफ इंडिया (समस्तीपुर), नव भारत फर्टिलाइजर्स एलएलपी, गिलानी इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड, जेप्टो प्राइवेट लिमिटेड, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, एसआईएस लिमिटेड, विजन इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सहित दर्जनों नामचीन कंपनियां शामिल होंगी।
सीधे चयन की प्रक्रिया में शामिल होंगे युवा :
इस मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इस मेले में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को पहले रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण करना आवश्यक है। इसके बाद वे मेले में भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में सीधे चयन की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग का संयुक्त प्रयास :
यह रोजगार मेला 11 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारें। जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह मेला स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।