
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “सफलता और उत्कृष्टता दो अलग अलग चीजें हैं। सफलता मिलने के बाद उत्कृष्टता हासिल करना जरा मुश्किल होता है। मगर किसी विषय या क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल हो जाए तो सफलता स्वतः मिल जाती है और यह सफलता चिर स्थाई होती है।”
कामयाबी आपके पीछे पीछे चलेगी :
अनएकेडमी के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित स्थापना दिवस समारोह में अपने संबोधन के दौरान सिटी सेंट्रल स्कूल ग्रुप के निदेशक संजीव कुमार पाण्डेय ने उक्त बातें कही। छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि, “सफलता के पीछे भागने की जगह उत्कृष्टता की ओर भागें। इस के लिए जिस क्षेत्र में या विषय में अभिरुचि हो उसमें खुद को डूबो दीजिए। धैर्य के साथ उसके हर एक पहलू का विशद अध्ययन करिए। यदि आप ऐसा कर पाते हैं तो कामयाबी आपके पीछे पीछे चलेगी।”
अतिथियों का स्वागत और उद्घाटन :
बताते चलें कि, रविवार को अनएकेडमी समस्तीपुर का प्रथम वार्षिकोत्सव भव्य समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सर्वप्रथम संस्थान की निदेशक आकांक्षा ने अतिथियों का शॉल, स्मृति चिन्ह व पुष्प गुच्छ से स्वागत अभिनंदन किया। तत्पश्चात एम.एल.सी डॉ. तरुण कुमार चौधरी, पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, मेयर अनीता राम, युवा समाजसेवी चेतना झाम, संजीव कुमार पांडे आदि ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
बच्चों ने बांधा समां :
तत्पश्चात लक्ष्मी चौधरी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान और निकिता कुमारी के गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम ने दिशा पकड़ी। रत्नप्रिया के सरस्वती वंदना के बाद अपराजिता और निशा द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य ने माहौल बनाया।
फिर क्या था, अन्य छात्र–छात्राओं ने अपनी विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि, उपस्थित अतिथि व अभिभावक घंटों सम्मोहन की अवस्था में देर शाम तक झूमते तालियां बजाते रहे। वक्त मुट्ठी से रेत की तरह फिसलता चला गया। कब और कैसे इसका किसी को पता भी नहीं चला।
विफलता के बाद दोगुनी ऊर्जा से लक्ष्य हासिल करने का प्रयास :
इसके पूर्व निदेशक श्रीमती आकांक्षा ने अपने संबोधन में जिलावासियों और अभिभावकों का आभार जताते हुए कहा कि, “आपने मुझपर जो भरोसा जताया है मै उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी।” वहीं छात्र–छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि, “सफलता और विफलता जीवन रूपी सिक्के के दो हिस्से हैं। इसलिए विफलता के बाद निराश होने की जगह विफलता के कारणों को पहचान कर उनसे सबक लेते हुए दोगुनी ऊर्जा से लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।”
जेईई मेन्स में सफल छात्र पुरस्कृत :
इस दौरान संस्थान के विशेषज्ञ शिक्षकों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं की कैरियर काउन्सेलिंग की। साथ ही जनवरी में आयोजित जे.ई.ई. मेन्स परीक्षा में सफल छात्रों को पुरस्कृत व प्रोत्साहित किया गया।
शीर्ष 30 को निःशुल्क शिक्षा :
अंत में आगत अतिथियों व अभिभावकों का आभार सहित धन्यवाद ज्ञापन किया। इस क्रम में उन्होंने ‘प्रत्येक रविवार को केंद्र पर प्रतिभा चयन जांच परीक्षा’ की घोषणा की। कहा कि, “इस जांच परीक्षा में सफल शीर्ष 30 मेधावी छात्रों के शत–प्रतिशत निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी।”
देंगे 50% छूट :
श्रीमती आकांक्षा ने 6वीं से 12वीं, जे.ई.ई. एवं नीट, की तैयारी के लिए नामांकन पर 50 फीसदी छूट की भी घोषणा की। मौके पर सह निदेशक अभिषेक कुमार, सेंटर हेड सौरभ सुमन सहित संस्थान के सभी सहयोगी मौजूद थे।