
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। “कॉलेजों के सुचारू संचालन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों के साथ समन्वय बढ़ाया जाए। इससे कॉलेजों में प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होगी।”
नव-स्थापित 18 कॉलेजों के प्राचार्य व कर्मी हुए शामिल :
सोमवार को मुंगेर विश्वविद्यालय अंतर्गत नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों के कर्मियों संग ऑन लाइन बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति, प्रोफेसर संजय कुमार ने उक्त बातें कही। इस बैठक में विश्वविद्यालय के अंतर्गत नव-स्थापित 18 सरकारी डिग्री कॉलेजों के सभी नव-नियुक्त प्रभारी प्राचार्य, बर्सर, प्रधान लिपिक और लेखाकार शामिल हुए।
बैंकिंग कार्य शुरू करने पर जोर :
इस दौरान कुलपति ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि, “वे अपने कॉलेजों के सभी कार्य सरकारी और लोक भवन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संचालित करें।” विशेष रूप से वेतन और कोष खातों को तुरंत खोलने तथा बैंकिंग कार्य शुरू करने पर जोर दिया गया। इसके लिए संबंधित राष्ट्रीयकृत बैंकों को पत्र पहले ही भेजे जा चुके हैं।
नव स्थापित महाविद्यालयों से कुलपति की अपेक्षा :
कुलपति ने सभी कर्मियों से अपेक्षा व्यक्त की कि, वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे और नव-स्थापित कॉलेजों को उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने की परम्परा अक्षुण्ण रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
उपस्थिति :
बैठक में डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर महेश्वर मिश्रा, कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय, वित्त अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, उप-कुलसचिव द्वितीय डॉ. अंशु राय, डॉ. स्मृति कुमारी तथा सहायक कृष्ण कुमार, शशांक कुमार, तन्मय मनीष, रवि रंजन और शुभम उपस्थित थे।