
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के सिटी सेंट्रल स्कूल में ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों की सृजनशीलता और कलात्मक प्रतिभा को निखारने एवं भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर मिथिला कला के प्रति संवेदनशीलता को विकसित करने के उद्देश्य से दिनांक 26 मई 2026 से आयोजित मधुबनी/मिथिला पेंटिंग आधारित समर कैंप का प्रभावशाली परिणाम आज विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य प्रदर्शनी के में देखने को मिला।
मिथिला चित्रकला में उल्लेखनीय दक्षता :
जहाँ सामान्यतः ग्रीष्मावकाश के दौरान अनेक विद्यार्थी अपना समय इधर-उधर व्यतीत करते हैं, वहीं सिटी सेंट्रल स्कूल के बच्चों ने इस समर कैंप में सक्रिय सहभागिता निभाकर अपने अवकाश का सदुपयोग किया। प्रशिक्षित कला शिक्षिकाओं मिस रेशम गुप्ता एवं मिस अनु गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अल्प अवधि में ही मधुबनी एवं मिथिला चित्रकला की विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय दक्षता प्राप्त की।
बच्चों की प्रतिभा ने मन मोहा :
गुरुवार को विद्यालय परिसर में बच्चों के द्वारा निर्मित सुंदर, आकर्षक एवं रंग-बिरंगी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगायी गयी। इस प्रदर्शनी में शामिल बाल कलाकारों की कृतियों ने, अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का मन मोह लिया। प्रत्येक कलाकृति में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, परिश्रम एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
बच्चों की प्रतिभा को मंच :
विद्यालय के निदेशक श्री पाण्डेय ने समर कैंप की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय प्रशिक्षक शिक्षिकाओं मिस रेशम गुप्ता एवं मिस अनु गुप्ता को दिया और कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।
समापन समारोह में होंगे सम्मानित :
उन्होंने बताया कि, शुक्रवार को समापन समारोह में प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में शील्ड एवं अन्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही समर कैंप में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिबद्धता :
अंत में विद्यालय के निदेशक श्री पाण्डेय ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों के आयोजन केलिए प्रतिबद्धता जतायी।
उपस्थिति :
इस अवसर पर प्राचार्य श्याम कुमार चौरसिया, अकादमिक इंचार्ज सह सी.सी.ए. इंचार्ज के. शशांक, प्रिया भारती, रणवीर कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले छात्र–छात्राओं में सुमन सौरभ, ऐशवी, सुप्रिया, संगम, रक्षा, अनन्या, आव्या, सिद्धि, संस्कृति, विनीत, अनुराग अंश, समृद्धि, आयंतिक, प्रेरणा, रक्षिका, अर्णव, मयंक सहित अनेक छात्र-छात्राएँ शामिल रहे।