समस्तीपुर मंडल में ई वेस्ट निस्तारण को लेकर हुआ नुक्कड़ नाटक का आयोजन

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मंडल कार्यालय परिसर में शुक्रवार को स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स द्वारा ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) के समुचित निस्तारण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ न फेंके :
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कैडेट्स ने प्रभावशाली प्रस्तुति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले कचरे के दुष्प्रभावों तथा इसके उचित प्रबंधन की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अनुपयोगी मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बैटरी, चार्जर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ नहीं फेंकना चाहिए, क्योंकि इनमें मौजूद हानिकारक तत्व मिट्टी, जल एवं पर्यावरण को प्रदूषित कर सकते हैं।
प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी :
इस अवसर पर कलाकारों ने ई-वेस्ट के अधिकृत केंद्रों के माध्यम से सुरक्षित निस्तारण, उपयोगी उपकरणों के पुनः उपयोग तथा पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि, पर्यावरण संरक्षण सिर्फ सरकार या प्रशासन की नहीं प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस लिए इसमें सबकी सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।
लोगों ने सराहा :
कार्यक्रम के दौरान समस्तीपुर रेल परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए जागरूकता संदेश की सराहना की।