
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो।सरकार की मंशा के अनुरूप सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए महाविद्यालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।”
निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं करें पूर्ण :
जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने जिले में प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का निरीक्षण करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों व प्राचार्यों से उक्त बातें कही। इस क्रम उन्होंने कहा कि, “सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करें। ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।”
उच्च शिक्षा की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की कवायद :
बताते चलें कि, बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के अंतर्गत ऐसे प्रखंडों में, जहां महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां, राजकीय महाविद्यालयों के संचालन हेतु आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित कर उच्च शिक्षा की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की कवायद जारी है। इसकेलिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

स्थलीय निरीक्षण व तैयारियों की समीक्षा :
इसी क्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गुरुवार को सिंघिया प्रखण्ड का दौरा किया। जहां उन्होंने प्रस्तावित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण किया। इसके पूर्व बुधवार को उन्होंने खानपुर एवं कल्याणपुर प्रखंड स्थित प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया, विस्तृत समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।
तैयारियों की ली बिंदुवार जानकारी :
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत संरचना, भवन की स्थिति, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक उपस्करों की उपलब्धता, क्रय एवं आपूर्ति की प्रगति, शिक्षकों की पदस्थापना एवं प्रतिनियुक्ति, पेयजल, विद्युत, शौचालय तथा पठन-पाठन प्रारंभ करने हेतु आवश्यक अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अपर समाहर्ता, समस्तीपुर सह नोडल पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री प्रेम शंकर झा एवं संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों से तैयारियों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की।
स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा :
गौरतलब है कि, जिले के खानपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, विभूतिपुर एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों में कुल पांच नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन किया जाना है। इन महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे उन्हें कहीं दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उपस्थिति :
निरीक्षण के अवसर पर उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता, समस्तीपुर श्री ब्रजेश कुमार, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।