
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सरायरंजन। प्रखंड क्षेत्र के अख्तियारपुर स्थित जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र और क्राई के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम पंचायत राज अख्तियारपुर बलभद्र, वार्ड नंबर 12 गांव भोजपुर, मुसहर टोली सामुदायिक भवन में तथा ग्राम पंचायत राज रायपुर बूजूर्ग के मुसहरी टोला, वार्ड संख्या 9 में अवस्थित सामुदायिक भवन में सामुदायिक शिक्षा केन्द्र का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन :
इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी, वार्ड सदस्य बेचनी देवी, सामुदायिक लीडर रामउमेद राम, सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार राय, सामुदायिक शिक्षिका संगीता कुमारी, मुस्कान कुमारी, जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के कोषाध्यक्ष वीणा कुमारी, दिनेश प्रसाद चौरसिया और बलराम चौरसिया ने संयुक्त रूप से फीता काट कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
केंद्र द्वारा संचालित 10वां सामुदायिक शिक्षा केंद्र :
तत्पश्चात अपने संबोधन में सीनियर रिसर्च कंसल्टेंट दिनेश प्रसाद चौरसिया ने कहा कि, जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र द्वारा विगत 8 वर्षों से सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत 9 मुसहर बाहुल्य गांव में नि:शुल्क सामुदायिक शिक्षा केन्द्र संचालित किया जा रहा है। वैसे बच्चे जो किसी कारण से नामांकित नहीं है अथवा नामांकित हैं लेकिन छिजित हो गए हैं वैसे बच्चों को पुनः पढ़ाई-लिखाई से जोड़ा जाता है।
अच्छे कर्मों और व्यवहार से बड़ा होता है आदमी :
इस दौरान प्रमुख वीणा कुमारी ने कहा कि हम सभी माता पिता और अभिभावकों से निवेदन करते हैं कि, शिक्षा बेहद जरूरी है। इसलिए अपने बच्चों को विद्यालय नियमित भेजे और किसी भी तरह का समस्या आए तो हमसे संपर्क करें। हम समाधान करेंगे। उन्होंने दशरथ मांझी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी जी की चर्चा करते हुए कहा कि, “कोई भी व्यक्ति जाति से बड़ा नहीं होता है अपने अच्छे कर्मों और व्यवहार से बड़ा होता है।”
जूस और ग्लूकोज वितरण :
उदघाटन के बाद प्रखंड प्रमुख ने अपने हाथों से जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र द्वारा डाबर इंडिया लिमिटेड से प्राप्त पोषण सामग्री का भी वितरण किया। भीषण गर्मी को देखते हुए जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के सचिव सुरेन्द्र कुमार और अध्यक्ष गौरीशंकर चौरसिया ने सभी बच्चों को डाबर कम्पनी का जूस और ग्लूकोज देकर उत्साहित किया। धन्यवाद ज्ञापन सामुदायिक शिक्षक संदीप कुमार सादा ने किया।
दो सौ परिवारों के बीच ग्लूकोज आदि वितरित :
दूसरी तरफ ग्राम पंचायत राज अख्तियारपुर के दामोदरपुर महुली, अख्तियारपुर बेदौलिया में अल्पसंख्यक बस्ती, अनुसूचित जाति टोला में लगभग दो सौ परिवारों के बीच डाबर इंडिया लिमिटेड से सी.एस.आर. कार्यक्रम अंतर्गत प्राप्त ग्लूकोज आदि का सचिव सुरेन्द्र कुमार के हाथों वितरण किया गया। मौके पर अमर प्रसाद गुप्ता, देवेन्द्र महतो, वीणा कुमारी, दिनेश प्रसाद चौरसिया, मुस्कान कुमारी, अनुष्का कुमारी, मनीषा कुमारी, नवनीत कुमार, रविन्द्र पासवान, बलराम चौरसिया मौजूद थे।