
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सरायरंजन। देश में अमृत काल चल रहा है। बेशक! आजादी के बाद 79 साल के साल के सफर में देश ने हर क्षेत्र में आशातीत उपलब्धियां हासिल की है। किन्तु स्वतन्त्रता प्राप्ति के 79 साल बाद भी एक बड़ा तबका शिक्षा, विकास आदि शब्दों से वंचित है, अनजान है। उन्हीं में से दो समुदाय है मुसहर और कुरेड़ी समाज। प्रखंड के अख्तियारपुर स्थित जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र द्वारा नगर पंचायत सरायरंजन के वार्ड संख्या 21 में मुसहर एवं कुरेड़ी समुदाय के बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा केंद्र का समारोहपूर्वक उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें पढ़ाई से वंचित होने से बचाना है।
उद्घाटन :
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरायरंजन की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, वार्ड पार्षद सविता कुमारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूपम कुमारी, शिक्षिका कृष्णा, केंद्र की कोषाध्यक्ष वीणा कुमारी, पुनीता कुमारी, सीनियर रिसर्च कंसल्टेंट ललिता कुमारी, सामुदायिक शिक्षिका रुखसाना नूर, बलराम चौरसिया एवं दिनेश प्रसाद चौरसिया सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।
स्थानीय बच्चों को लाभ :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि मुख्य पार्षद पूजा कुमारी के आग्रह पर नरघोघी मुसहर टोला में इस शिक्षा केंद्र की शुरुआत की गई है, जिससे निश्चित ही स्थानीय बच्चों को लाभ मिलेगा।
नियमित बच्चों को दी जाएगी पाठ्य सामग्री :
अपने संबोधन में मुख्य पार्षद पूजा कुमारी ने कहा कि यह पहल अत्यंत सराहनीय है और इससे गरीब बस्ती के बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से इस केंद्र में भेजें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जो बच्चे नियमित रूप से केंद्र एवं विद्यालय आएंगे, उन्हें उनकी ओर से पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बालिका ट्यूशन सेंटर की छात्राएं सम्मानित :
उद्घाटन के बाद मुख्य पार्षद द्वारा बच्चों के बीच पोषण सामग्री का वितरण किया गया। वहीं अख्तियारपुर में संचालित बालिका ट्यूशन सेंटर की छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।
उपस्थिति :
इस अवसर पर केंद्र के अध्यक्ष गौरीशंकर चौरसिया, कार्यकारिणी सदस्य रामप्रित चौरसिया, अमित कुमार, रामदयाल दास, रामनारायण पासवान, रामेश्वर सदा सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन नवनीत कुमार एवं हर्ष मोहन कुमार ने संयुक्त रूप से किया।