
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। फरक्का जल संधि से जुड़े मुद्दों का बिहार की कृषि, सिंचाई व्यवस्था और किसानों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों को गंभीरता से समझने की जरूरत है। इसलिए दिसंबर 2026 में संधि के 30 वर्ष पूर्ण होने पर संधि नवीनीकरण में बिहार के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
मंगलवार को पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती विचार केंद्र की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय ‘कृषक प्रतिनिधि संवाद’ सम्मेलन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने फरक्का जल संधि के नवीनीकरण को लेकर बिहार के हितों और किसानों के अधिकारों को प्राथमिकता देने की मांग करते हुए उक्त बातें कही।
स्वागत व उद्घाटन :
इसके पूर्व, स्वामी सहजानंद सरस्वती विचार केंद्र की ओर से मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित आगत अतिथियों का स्मृति चिन्ह आदि से स्वागत किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
किसान के हितों की नहीं हो अनदेखी :
सम्मेलन में किसान नेताओं और प्रतिनिधियों के साथ बिहार के हितों, जल प्रबंधन और कृषि से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ। इस दौरान श्री निशांत ने जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और बिहार की कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। इस क्रम में उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की नदियों, जल संसाधनों, सिंचाई, पेयजल और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही भविष्य की रूपरेखा तय की जानी चाहिए। जल से संबंधित किसी भी समझौते में बिहार के किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
जल संसाधनों का न्यायसंगत उपयोग बेहद जरूरी :
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बिहार के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को उठाते रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकारों की रक्षा, जल संसाधनों का न्यायसंगत उपयोग और कृषि के भविष्य को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।