


ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। दुनिया के सभी क्षेत्रों में आये दिन नये शोध हो रहे हैं, शिक्षा जगत भी इससे अछूता नहीं है। नवाचार के माध्यम से शिक्षा जगत में भी नित नवीन प्रयोग हो रहे हैं जिसके सुखद परिणाम भी प्राप्त हो रहे हैं। इसलिए गुणवत्तापूर्ण सर्वांगीन शिक्षा केलिए शिक्षक को भी नये प्रयोगों की अद्यतन जानकारी रखनी चाहिए। सोशल मीडिया और मोबाइल के इस दौर में शिक्षक को अभिभावक और बच्चों से एक कदम आगे रहने की आवश्यकता है, जो बेशक एक चुनौतीपूर्ण कार्य है।
शहर के धर्मपुर स्थित केशवचन्द ज्ञान निकेतन में आयोजित नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार पाठ्यक्रम संचालन हेतु एक दिवसीय टीचर्स ट्रेनिंग सह सेमिनार के अवसर पर शिविर का उद्घाटन करते हुए केजीएन के सेक्रेटरी राम कुमार तिवारी ने उक्त बाते कही। उन्होंने कहा सोशल मीडिया के इस दौर में यह बिल्कुल मुश्किल नही है। आवश्यकता है नया सीखने की प्रवृति और अद्यतन रहने में अभिरुचि की।
बताते चलें कि शनिवार को शहर के धर्मपुर स्थित केशवचन्द ज्ञान निकेतन में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार पाठ्यक्रम संचालन हेतु एक दिवसीय टीचर्स ट्रेनिंग सह सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के लगभग 50 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन कोयल कुमारी ने पीपीटी, वीडियो, लेक्चरर्स और एक्टिविटी के द्वारा बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए किए जाने वाले प्रयासों को समझाया।
इसके पुर्व सर्वप्रथम से केजी एन के सेक्रेटरी श्री तिवारी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत और करतल ध्वनि के बीच दीप प्रज्वलन कर उद्घाटन की औपचारिकता के बाद निदेशक शशिकांत तिवारी ने विषय प्रवेश कराया।
इस एक दिवसीय सेमिनार के आयोजन में कैंब्रिज पब्लिकेशन के मैनेजर अभिजीत कुमार और फील्ड मैनेजर विक्रम कुुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने इस एक दिवसीय सेमिनार को बहुत ही उपयोगी बताया। रविकांत तिवारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ सेमिनार का समापन हुआ।