
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस आधुनिक खेल भवन सह व्यायामशाला के प्रारंभ होने से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
सभी औपचारिकताएं यथाशीघ्र करें पूर्ण :
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बुधवार को नवनिर्मित खेल भवन सह व्यायामशाला के निरीक्षण के दौरान उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि खेल भवन सह व्यायामशाला के हस्तांतरण से संबंधित सभी औपचारिकताएं यथाशीघ्र पूर्ण करते हुए भवन को संबंधित विभाग के सुपुर्द किया जाए, ताकि इसका संचालन शीघ्र प्रारंभ हो सके और जिले के खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो।
सभी सुविधाएं कराएं उपलब्ध :
इसी क्रम में उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को विभागीय मार्गदर्शन एवं प्रचलित दिशा-निर्देशों के आलोक में खेल भवन सह व्यायामशाला का सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं नियमित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन के रख-रखाव, आवश्यक खेल उपकरणों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उपस्थिति :
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार तथा भवन निर्माण विभाग के अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।