
बैठक में शामिल डीएम, एसपी व अन्य।
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव, एकता एवं देशभक्ति का प्रतीक है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय सभागार में सोमवार को आगामी 15 अगस्त 2026 को आयोजित स्वतंत्रता दिवस राजकीय समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उक्त बातें कही।
पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें दायित्वों का निर्वहन :
इस क्रम में उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि, “आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करे।”
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस क्रम में उन्होंने सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग को निर्देश :
इस क्रम में जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि, “समारोह में जिले के सभी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आकर्षक एवं अनुशासित प्रभात फेरी का आयोजन कराया जाए। प्रभात फेरी के मार्ग, समय एवं अन्य व्यवस्थाओं का पूर्व निर्धारण करते हुए सभी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश समय पर उपलब्ध कराए जाएं।”
पुलिस विभाग को निर्देश :
जबकि, पुलिस विभाग एवं पुलिस लाइन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड एवं सलामी समारोह की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने, नियमित पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खेल विभाग को निर्देश :
खेल विभाग को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं युवा गतिविधियों के आयोजन की कार्ययोजना तैयार कर सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग को स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति तथा बिहार की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित उच्चस्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करने एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला कल्याण पदाधिकारी व सामान्य शाखा को निर्देश :
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि, “जिले के सभी महादलित टोलों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित कराने हेतु उपयुक्त स्थलों को चिन्हित कर उसकी सूची शीघ्र सामान्य शाखा को उपलब्ध कराएं।” साथ ही सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को निर्देश दिया कि, चिन्हित स्थलों पर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए उन्हें निर्धारित समय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लेने हेतु आदेश निर्गत किया जाए।”
नगर आयुक्त को निर्देश :
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित राष्ट्रपुरुषों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वतंत्रता दिवस से पूर्व समुचित साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा आसपास के परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। साथ ही नजारत उप समाहर्ता को संबंधित स्थलों पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सुव्यवस्था व पूर्वाभ्यास पर बल :
बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच एवं पंडाल निर्माण, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, बैरिकेडिंग, ध्वनि विस्तारक यंत्र, झंडोत्तोलन समारोह, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराने का निर्देश दिया।
एसपी ने दिए निर्देश :
इस क्रम में आरक्षी अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात नियंत्रण एवं समारोह के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपस्थिति :
बैठक में अपर समाहर्ता समस्तीपुर ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
