
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्यापति सभागार, में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान आयोजित एग्री विजन 2026′ कार्यक्रम और उसमें कुलपति की भागीदारी को लेकर उपजा विवाद गहराता जा रहा है।
आपत्ति :
16 मई को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यशाला के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा अध्यक्षता किए जाने पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई है। एनएसयूआई का कहना है कि, कुलपति का एक विशिष्ट संगठन के मंच पर बैठना उनकी प्रशासनिक निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
विरोध प्रदर्शन व पुतल दहन :
विश्वविद्यालय के इस राजनीतिकरण और सरकारी तंत्र व धन के कथित दुरुपयोग के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस क्रम में प्रखंड मुख्यालय से विविध नारों के साथ प्रदर्शन करते हुए छात्रों का जत्था विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचा जहां कुलपति का पुतला दहन किया।
सभा आयोजित :
पुतला दहन के पश्चात आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि, “विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जानबूझकर एक खास विचारधारा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसे एनएसयूआई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। विश्वविद्यालय को विशेष राजनीतिक दल का अड्डा बनाना तुरंत बंद होना चाहिए।”
कुलपति से सवाल :
सभा को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु ने कुलपति से सीधे जवाब मांगते हुए कहा कि, “कुलपति को अविलंब यह स्पष्ट करना चाहिए कि यह कार्यक्रम किसका था और इसमें सरकारी पैसे का कितना दुरुपयोग किया गया।” उन्होंने सवाल उठाया कि, “एक केंद्रीय विश्वविद्यालय किसी विशेष संगठन या विचारधारा के कार्यक्रम का आयोजन और संचालन कैसे कर सकता है?”
कुलपति की कार्यशैली पर प्रहार :
अपने संबोधन में युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष ने भी कुलपति की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कुलपति के आने के बाद से विश्वविद्यालय में एक विशेष सोच को आगे बढ़ाने और अनुचित वित्तीय गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है।
तीन दिन में दें जवाब अन्यथा आंदोलन :
प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विश्वविद्यालय प्रशासन और एनएसयूआई के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। इसके बाद एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्टीकरण देने और इस चूक के लिए माफी मांगने के लिए तीन दिनों का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
उपस्थिति :
इस विरोध प्रदर्शन और सभा में प्रखंड कांग्रेस कमेटी के शिवराम ठाकुर, कन्हैया कुमार सिंह, मो. मोहिउद्दीन सहित एनएसयूआई के छात्र नेता शाकिब, अभिषेक, राजा, भरत, कैफ, गणेश, महफूज़, आमिर और बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।