
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एसबीपीडीसीएल की यह एक महत्वपूर्ण पहल है। आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा तथा जिले की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होता है। निश्चित ही इस रोलर से क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने में सहायता मिलेगी।
अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की कोशिश :
बुधवार को जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने एसबीपीडीसीएल द्वारा प्रदत्त पिच रोलर का उद्घाटन करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, यह क्रिकेट प्रतिभाओं को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की कोशिश है। उधर, पटेल मैदान में आधुनिक पिच रोलर उपलब्ध होने की खबर से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
उद्घाटन :
बताते चलें कि, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी ने पटेल मैदान में क्रिकेट पिच रोलर का फीता काट कर एवं नारियल फोड़ कर उद्घाटन किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहायता :
इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि, खेलों के विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्रिकेट पिच रोलर उपलब्ध होने से पटेल मैदान की पिचों का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण रखरखाव सुनिश्चित होगा। जिससे खिलाड़ियों को सहूलियत होगी तथा जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सहायता मिलेगी।
जनहित एवं खेल प्रोत्साहन से जुड़े कार्यों में सहयोग रहेगा जारी :
कार्यक्रम के दौरान एसबीपीडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक उत्तरदायित्व निर्वहन के तहत जिले में खेल सुविधाओं के विकास केलिए क्रिकेट पिच रोलर उपलब्ध कराया गया है। ताकि पिच का समुचित रख–रखाव सुनिश्चित हो सके। इस क्रम में उन्होंने भविष्य में भी जनहित एवं खेल प्रोत्साहन से जुड़े कार्यों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
उपस्थिति :
मौके पर साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।