
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । जिले के वारिसनगर प्रखंड अन्तर्गत बसंतपुर रमनी पंचायत के कमलाबाहा गांव स्थित संजय कुमार के घर से अकलू साह के घर के समीप तक लगभग 200 मीटर तक सड़क पर जलजमाव रहने से स्थानीय लोगों और राहगीर पानी होकर अपने गंतव्य तक आने – जाने को मजबूर हैं। यहां के लोगों को जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिल रहा है।
खास बात तो ये है कि सर्दी, गर्मी व बरसात कोई भी मौसम हो सड़कों पर जलजमाव व गंदगी की समस्या बनी रहती है। आसपास रहने वाले व इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को पानी के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क किनारे नाले नहीं होने और जल निकासी का प्रबंध नही होने से यहां सालों भर झील सा मंजर मौजूं रहता है। बरसात के मौसम में तो सड़क पर जमा गंदा पानी लोगों के घर में घुस जाता है। घर में प्रवेश करने के लिए नाला के गंदे पानी से होकर लोगों को गुजरना पड़ता है।
इस समस्या से पूर्व में बीडीओ को आवेदन के साथ वस्तु स्थिति से अवगत कराया जा चुका है। स्थानीय लोगों ने अधिकारी व जनप्रतिनिधियों से जलजमाव की समस्या से छुटकारा पाने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई फायदा नहीं हुआ और सड़े हुए पानी से जीना मुहाल है।
घुटना भर पानी को पार कर छोटे – छोटे बच्चे स्कूल जा रहे हैं। कभी भी किसी तरह की घटना की आशंका रहती हैं। सड़क पर जलजमाव रहने के कारण गंदे पानी से मच्छर पनपता है। इस कारण संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। साथ ही टोले में डायरिया व डेंगू जैसे महामारी फैलने की आशंका है।
नाला निर्माण व सड़क ऊंचीकरण होने से ही इस समस्या से निजात दिलाया जा सकता है। इसको लेकर स्थानीय समाजसेवी अनोज कुमार सहनी, पप्पू साह, रौशन कुमार, फूलों सहनी, देबू सहनी, गांगो सहनी, वीरेन्द्र कुमार, अजय साह, भोला साह, कविता देवी, मंगली देवी, तारा देवी सहित ग्रामीणों ने जलजमाव की समस्या दूर नहीं होने पर प्रखंड कार्यालय घेराव करने का निर्णय लिया है।